भाजपा का छत्तीसगढ़ में जेल भरो आंदोलन, भूपेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी, सड़क पर प्रदेशभर में उतरे भाजपाई

छत्तीसगढ़ में आंदोलन की अनुमति को लेकर जारी सरकारी आदेश के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी का सोमवार को प्रदेशभर में जेल भरो आंदोलन जारी है। रायपुर में प्रदर्शन के बाद पुलिस ने पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल व जिला अध्यक्ष श्रीचंद सुंदरानी सहित तीन हजार कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया है। बृजमोहन काले गुब्बारे लेकर सेंट्रल जेल परिसर में बैठे हुए हैं। राजनांदगांव में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने भूपेश सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की। रायपुर में जेल परिसर में भाजपाई हनुमान चालीसा पढ़ने लगे। प्रदेश के अधिकांश जिलों में प्रदर्शन के दौरान पुलिस से झूमा-झटकी भी हुई है। प्रदेश के सभी जिलों में हजारों की संख्या में भाजपाईयों ने गिरफ्तारी दी।
छत्तीसगढ़ में धरना-प्रदर्शन को लेकर जारी सरकारी आदेश के खिलाफ भाजपा का प्रदेशभर में जेल भरो आंदोलन जारी है। भीषण गर्मी के बीच भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी जिला मुख्यालय में प्रदर्शन कर रहे हैं। राजधानी रायपुर में 4 जगहों पर प्रदर्शन हुआ। रायपुर में पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल के नेतृत्व में कार्यकर्ता कालीबाड़ी से सीएम हाउस जाने निकले। पुलिस ने जगह-जगह बैरिकेड्स लगाकर उन्हें रोका और फिर गिरफ्तार कर जेल ले गई। राजनांदगांव में पूर्व सीएम डॉ. के नेतृत्व में आंदोलन हुआ। वहीं बिलासपुर में नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक व बस्तर संभाग मुख्यालय में पूर्व मंत्री केदार कश्यप के नेतृत्व में जेल भरो आंदोलन किया गया। सभी जगहों पर पुलिस की चाक-चौबंद व्यवस्था रही। कार्यकर्ताओं की पुलिस से नोंकझोंक भी हुई।
जन आक्रोश को कुचलना चाहती है भूपेश सरकार
पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली सरकार इतनी भयभीत हैं कि अपने खिलाफ उठ रही आवाज को दबाना चाहती हैं। जन आक्रोश को कुचलना चाहती हैं। छत्तीसगढ़ियों के अभिव्यक्ति की आजादी को छीनना चाहती है। छत्तीसगढ़ में धरना-प्रदर्शन, आंदोलन पर रोक लगाने कानून लाया गया है। कांग्रेस सरकार द्वारा मिनी काला कानून लाकर छत्तीसगढ़ में आपातकाल की यादों को ताजा करने का कृत्य किया जा रहा हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में तानाशाही चलाने वाली सरकार की जेल भाजपा के इस आंदोलन के सामने छोटी पड़ेगी।



