CM बघेल ने की घोषणा, छत्तीसगढ़ में 10वीं-12वीं टॉप करने वाले छात्रों को हेलीकॉप्टर से घुमाया जाएगा

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री बुधवार से भेंट मुलाक़ात कार्यक्रम के लिए प्रदेश के दौरे पर निकल चुके हैं. इस दौरान मुख्यमंत्री बुधवार को सामरी विधानसभा के कुसमी, शंकरगढ और बरियो गांव पहुंचे थे. राजपुर में रात को विश्राम करने के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गुरुवार सुबह से ही ताबड़तोड़ घोषणाएं करनी शुरू कर दी. जिसमें सबसे ज्यादा चर्चा 10वीं-12वीं के विद्यार्थियों से जुड़ी एक घोषणा को लेकर हो रही है. वैसे उन्होंने विधानसभा के अलग अलग इलाक़ों के लिए करोड़ों के विकास कार्य की भी घोषणा की है.

सीएम ने मुर्रा और चिवड़ा निर्माण यूनिट लगाने को मंजूरी दी
बलरामपुर ज़िले के सामरी विधानसभा के राजपुर में मुख्यमंत्री ने आज भेंट मुलाक़ात के दौरान आम लोगों और जनप्रतिनिधियों से मुलाक़ात की. इस दौरान उन्होंने राजपुर ब्लाक के गोपालपुर में समूह की महिलाओं से वीडियो कांफ्रेसिंग में चर्चा की. और महिलाओं की मांग पर मुर्रा और चिवड़ा निर्माण यूनिट लगाने की स्वीकृति दी.साथ ही उन्होंने क्लस्टर भवन निर्माण की भी मंज़ूरी दी.
10वीं-12वीं टॉप करने वाले छात्र हेलीकाप्टर में घूमेंगे
राजपुर में ही मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के लिए एक ऐसी घोषणा की जो मध्यम और गरीब वर्ग के विद्यार्थियों के लिए काफ़ी अहम हो सकती है. ग़ौरतलब है कि कुछ दिन में 10वी और 12वीं बोर्ड परीक्षा के नतीजे घोषित किए जाने है. ऐसे में मुख्यमंत्री की घोषणा अभी और आने वाले वर्षों में विद्यार्थियों के प्रोत्साहन के लिए बेहतर तरीक़ा हो सकता है. दरअसल मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 10वीं-12वीं में टॉप करने वाले विद्यार्थियों को हेलीकाप्टर में घुमाने की घोषणा की है. ये घोषणा सीएम ने राजपुर में आयोजित प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान की है.

20 विकास कार्यों के लिए 31 करोड़ की घोषणा की
छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने इसके अलावा 20 विकास कार्यों के लिए 31 करोड़ की घोषणा की है. जिसमें सामरी के 18 विकास कार्यों के लिए लगभग 26.50 करोड़ की घोषणा शामिल है. इन सबके साथ सीएम ने 4.50 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया. इस मौक़े पर उनके साथ नगरीय प्रशासन मंत्री शिव डहरिया, स्थानीय विधायक चिंतामणि कंवर भी मौजूद थे.

Related Articles

Back to top button