खेत में पूर्व पार्षद की मिली लाश, 9 दिनों से थे लापता; हत्या या आत्महत्या की गुत्थी में पुलिस उलझी

छत्तीसगढ़ में पूर्व पार्षद का शव बुरी हालत में मिलने के बाद सनसनी फैल गई। पूर्व पार्षद की हत्या की गई है या फिर उन्होंने आत्महत्या की है? अभी इस बात का खुलासा नहीं हुआ है। शव की हालत बेहद खराब थी और पुलिस अब इस मामले की तहे उघाड़ने में लगी हुई है। राजनांदगांव जिले के राजीव नगर में रहने वाले पूर्व पार्षद रोशन साहू 18 अप्रैल को अपने घर से निकले थे।

इसके बाद से ही 38 साल के रोशन साहू का कुछ भी पता नहीं चल सका था। रोशन साहू पार्षद रह चुके हैं। करीब 9 से लापता रोशन साहू को लेकर उनके परिजन परेशान थे। उनके परिजनों ने उनके गुम होने की रिपोर्ट भी थाने में दर्ज करवाई थी। गुरुवार को रोशन साहू का शव छिरपानी में स्थित एक खेत में मिला।

सबसे पहले ग्रामीणों की नजर इस शव पर पड़ी थी। जिसके बाद उन्होंने पुलिस को इसकी जानकारी दी। शुरुआती छानबीन और शिनाख्त के बाद पुलिस ने शव की पहचान रोशन साहू के तौर पर की। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर जांच कराई।

पुलिस इस मामले में हत्या और आत्महत्या दोनों ही एंगल से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि मौके से सबूत जुटाए गए हैं। पुलिस इस मामले में मृतक के परिजनों और कुछ अन्य लोगों से भी पूछताछ कर रही है।

Related Articles

Back to top button