साइबर सेल के ASI की हुई हत्या, सरकारी क्वार्टर के बाहर गालियां दे रहे थे बदमाश…

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में हत्या का मामला प्रकाश में आया है। शनिवार को देर रात साइबर सेल के ASI विकास शर्मा की हत्या कर दी गई।
दरअसल, बदमाश उनके सरकारी क्वार्टर के बाहर गालियां दे रहे थे। इस दौरान विकास उन्हें समझाने के लिए गए। फिलहाल उनकी मौत का कारण पता नहीं चल पाया है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस के आला अफसर भी पहुंच गए हैं। बताया जा रहा है कि विकास के पिता का पहले ही निधन हो चुका है। वह अपनी मां के साथ ही रहते थे। पुलिस ने अभी हत्या का मामला दर्ज नहीं किया है।

जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र स्थित पंचशील क्लब के सामने ही सरकारी क्वार्टर स्थित है। विकास की मां भी सरकारी कर्मचारी थी। रिटायरमेंट के बाद दोनों मां बेटे साथ में यहीं रहते थे। रात में करीब 10.30 बजे के आसपास कुछ लोग उनके घर के पास खड़े होकर झगड़ा और गाली-गलौज कर रहे थे। जब विकास ने शोर सुना तो वे बाहर निकले और उन्हें समझाने का प्रयास करने लगे। तभी किसी ने विकास को धक्का दे दिया। इससे विकास सड़क पर गिर पड़े और बेहोश हो गए।

जब आसपास के लोगों ने विकास को सड़क पर पड़ा देखा तो वे लोग उन्हें उठाकर उपचार के लिए स्थानीय प्राइवेट अस्पताल ले गए। यहां इलाज के दौरान देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने जानकारी दी कि इस मामले में 5 संदेहियों को हिरासत लिया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों से भी इस मामले में पूछताछ की जा रही है। जिला अस्पताल में कार्यपालिका मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में पंचनामा की कार्यवाही की गई है। डॉक्टरों की टीम शव का पोस्ट मार्टम कर रही है।
ASI विकास शर्मा छात्र जीवन से ही बॉक्सिंग के खिलाड़ी रहे। उन्होंने खेल में कई मेडल अपने नाम किए। इसके बाद वे पुलिस विभाग में सिपाही के रूप में भर्ती हुए। अच्छे प्रदर्शन के चलते हेड कांस्टेबल और उसके बाद ASI बने थे।

Related Articles

Back to top button