SDM कार्यालय का बाबू 50 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार, डायवर्सन के लिए किसान से मांग रहा था एक लाख रुपये

छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने एक घूसखोर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। एसीबी ने साजा एसडीएम कार्यालय में पदस्थ बाबू को 50 हजार की रिश्वत के साथ गिरफ्तार किया है। बाबू ने किसान से जमीन डायवर्सन के नाम पर घूस मांगी थी। किसान की शिकायत पर एसीबी ने प्लान बनाया और सोमवार को घूसखोर बाबू को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। एसीबी की टीम बाबू से पूछताछ कर रही है।

मिली जानकारी के अनुसार बेमेतरा के साजा एसडीएम कार्यालय में पदस्थ बाबू एचएस कश्यप को गिरफ्तार किया गया है। ब्लॉक का एक किसान अपनी जमीन डायवर्सन के लिए बाबू के चक्कर लगा रहा था। डायवर्सन के एवज में बाबू कश्यप ने किसान से एक लाख रुपये घूस मांगी थी। किसान इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थ था। कई मिन्नते करने के बाद भी बाबू ने किसान की जमीन का डायवर्सन नहीं किया। इसके बाद किसान ने इसकी शिकायत एसीबी में की। किसान ने अपनी शिकायत में बताया कि डायवर्सन के नाम पर बाबू एक लाख रुपये मांग रहा है, जिसे देने में वह असमर्थ है।
ACB की टीम ने प्लान बनाकर पकड़ा
एसीबी ने बाबू को घेरने का प्लान बनाया। एसीबी के कहने पर किसान बाबू से मिला और एक लाख की जगह 50 हजार रुपये में सौदा तय हुआ। एसीबी ने 50 हजार रुपए देकर किसान को बाबू के पास भेजा। एसीबी ने किसान को केमिकल लगा नोट दिया। इसके बाद किसान एसडीएम कार्यालय गया और बाबू से मिला। जमीन का डायवर्सन करने उसे 50 हजार रुपये दे दिए। बाबू एचएस कश्यप ने रुपयों की गिनती शुरू की और एसीबी की टीम उसे रंगे हाथों पकड़ा गया। फिलहाल एसीबी द्वारा पूछताछ की जा रही है।

Related Articles

Back to top button