76 घंटों बाद भी सुराग नहीं नक्सलियों द्वारा अगवा इंजीनियर का, बस्तर आईजी से गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने की बात

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के बेदरे थाना क्षेत्र से शुक्रवार को माओवादियों द्वारा अपहरण किए गए इंजीनियर व उसके सहयोगी की अब तक कोई जानकारी नहीं मिली है। सोमवार को गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने बस्तर आईजी सुंदरराज पी से इंजीनियर व मिस्त्री की सकुशल वापसी के लिए चर्चा की। इधर इंजीनियर की पत्नी सोनाली पवार ने अपने पति को सकुशल रिहा करने नक्सलियों से आग्रह किया है।

बता दें कि शुक्रवार को बेदरे थाना क्षेत्र के नुगूर के समीप इंद्रावती नदी पर पुल निर्माण करवा रहे निजी कंपनी के इंजीनियर अशोक पवार व उसके सहयोगी मिस्त्री आनंद यादव को नक्सली साथ ले गए हैं। घटना को 76 घंटों से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन अब तक दोनों की कोई सूचना नहीं मिली है। इधर इंजीनियर की पत्नी सोनाली पवार ने अपने पति को सकुशल रिहा करने की अपील माओवादियों से की है। सोनाली पवार ने कहा है कि मेरे पति रोजी रोटी के लिए काम करने बस्तर आए हुए हैं। उन्हें छोड़ दीजिए, हम बस्तर से वापट लौट जाएंगे।

गृहमंत्री ताम्रध्वज ने सोनाली से की बात
छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने नक्सलियों द्वारा अगवा किये गए इंजीनियर अशोक पवार की पत्नी सोनाली पवार से मोबाइल पर बात की और उनका हौसला बढ़ाया। गृहमंत्री ने आईजी सुंदरराज पी से भी इंजीनियर अशोक पवार व मिस्त्री आनंद यादव की सकुशल वापसी के लिए अब-तक किये गए प्रयासों और संपूर्ण घटनाक्रम की जानकारी ली। गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि आईजी को इंजीनियर व उसके सहयोगी की सकुशल वापसी के लिए आवश्यक कदम उठाने निर्देश दिए गए हैं।

माओादियों की अब तक प्रतिक्रया सामने नहीं आई
अपहरण के इस मामले पर रहस्य अभी भी बरकरार है, जिसके पीछे वजह यह है कि माओवादियों की अब तक कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस के अधिकारियों के अनुसार अपहृत दोनों व्यक्तियों की पतासाजी की जा रही है। इधर इंजीनियर की पत्नी सोनाली ने नक्सलियों से कहा है कि मेरी दो छोटी-छोटी बेटियां हैं। हमारे पालन पोषण के लिए मेरे पति बस्तर काम करने आए हैं। मैं आप सभी से अपील करती हूं की मेरे पति को रिहा कर दीजिए। यदि मेरे पति के द्वारा कोई गलती हुई है तो उन्हें माफ कर दें। हम यहां से चले जाएंगे।

Related Articles

Back to top button