कवर्धा में प्रयागराज से छत्तीसगढ़ आ रही बस पलटी, 1 यात्री की मौत, 15 घायल

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से यात्रियों को लेकर छत्तीसगढ़ आ रही एक बस कवर्धा में पलट गई। हादसे में 1 यात्री की मौके पर मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल छह लोगों को कवर्धा के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा नेशनल हाईवे 12 रायपुर-जबलपुर मार्ग में कुकदूर के पास हुआ है। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई थी। राहगीरों व स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल भिजवाया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कवर्धा जिले के पंडरिया थाना क्षेत्र के कुकदूर के पास हादसा हुआ है। प्रयागराज से यात्रियों को लेकर बस क्रमांक MP 18 P 0383 बेमेतरा के लिए रवानी हुई थी। प्रयागराज से छत्तीसगढ़ के यात्रियों को लेकर पहुंची बस कवर्धा से रवाना ही हुई थी कि पंडरिया ब्लॉक के कुकदुर मार्ग पर हनुमत खोल के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। बस के पलटते ही अंदर मौजूद यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। हादसे की वजह बस की रफ्तार अधिक होना बताया जा रहा है।
बस में सवार थे 60 यात्री, छह गंभीर
राहगीरों व स्थानीय लोगों की मदद से बस के अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। हादसे के समय बस में करीब 60 यात्री सवार बताए जा रहे हैं। एक यात्री के बस के नीचे आने से मौत होना बताया जा रहा है, वहीं 15 यात्री घायल हुए हैं, जिसमें की हालत गंभी है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को कवर्धा के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस सड़क दुर्घटना पर अपराध दर्ज कर घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।



