तहसीलदार-वकील विवाद: भड़के छत्तीसगढ़ कर्मचारी संघ व राज्य प्रशासनिक सेवा के अफसर, केस दर्ज 3 अधिवक्ताओं पर

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में तहसीलदार और वकीलों के बीच हुए मारपीट व बवाल मामले में चक्रधरनगर पुलिस ने आखिरकार तीन अधिवताओं पर केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है, जिसमें कुछ और नाम सामने आ सकते हैं। इधर राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी इस घटना पर भड़के हुए हैं। तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ ने भी कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन का अल्टीमेटम दे दिया है। आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की जा रही है।
रायगढ़ एडिशनल एसपी सिटी लखन पटले ने बताया कि शुक्रवार की दोपहर तहसील कार्यालय रायगढ़ में कुछ वकीलों द्वारा तहसील कार्यालय के सहायक ग्रेड-3 व अन्य व्यक्तियों के साथ गालीगलौज, मारपीट को लेकर पीड़ित सहायक ग्रेड-3 (विशेष वर्ग का सदस्य होने से नाम विलोपित) तहसील कार्यालय रायगढ़ द्वारा थाना चक्रधरनगर में कार्रवाई को लेकर आवेदन दिया गया है। शिकायत पर थाना चक्रधरनगर में धारा 186, 294, 332, 353, 34 भादवि, 3(2)(va) SC/ST ACT के तहत जितेंद्र शर्मा, महेश पटेल, दीपक मोडा व अन्य पर केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वकीलों ने दफ्तर में घुसकर कर्मियों को पीटा
पीड़ित के आवेदन के हिसाब से शुक्रवार की दोपहर करीब 2 बजे के आसपास तहसील के वकील जितेंद्र शर्मा, महेश पटेल, दीपक मोडा तथा अन्य के द्वारा गालीगलौज करते हुए ऑफिस आए। शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करते हुए विशेष वर्ग का सदस्य हूँ यह जानते हुए गालीगलौज कर हाथों से मारने लगे। उसके बाद कार्यालय से निकलकर जितेंद्र शर्मा, महेश पटेल, दीपक मोडा तथा अन्य द्वारा एसडीएम कार्यालय के भृत्य अखिलेश श्रीवास को भी गाली देकर मारपीट करने लगे। बीच बचाव करने आये नायब तहसीलदार के साथ भी मारपीट कर गालीगलौज करने की बात सामने आई हैं।
अफसर और कर्मचारी संघ में भारी आक्रोश
छत्तीसगढ़ राज्य प्रशासनिक सेवा संघ के अध्यक्ष आशुतोष पांडे की अगुआई में शनिवार को एक आपात बैठक में निंदा प्रस्ताव पारित हुआ। आशुतोष पांडे ने कहा, मारपीट का वीडियो देखने से स्पष्ट है यह घटना सामान्य एवं अचानक होने वाली घटना नहीं थी। आरोपी अधिवक्ताओं की गिरफ्तारी नहीं हुई तो प्रशासनिक सेवा संघ एक बैठक कर आगे की रणनीति तय करेगा। इधर, छत्तीसगढ़ तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ ने रायगढ़ तहसील में नायब तहसीलदार, रीडर और भृत्य से मारपीट के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सोमवार तक का समय दिया है। इस घटना से आक्रोशित तहसीलदारों का जमावड़ा रायगढ़ में होने की चर्चा है। हालांकि पुलिस अफसर इस बात की पुष्टि नहीं कर रहे हैं।



