रिकार्ड तोड़ धान खरीदी, प्रदेश सरकार की बड़ी उपलब्धि संसदीय सचिव ने भूपेश सरकार को बताया किसान हितैषी सरकार


महासमुंद। संसदीय सचिव व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने छत्तीसगढ़ प्रदेश में धान खरीदी की रिकार्ड खरीदी पर इसे कांग्रेस की भूपेश सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया है। उन्होंने कहा कि किसान हितैषी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य के किसानों को हर संभव मदद दी है। किसानों के हितों का ख्याल रखा है। लिहाजा इस साल 97.97 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी का नया रिकार्ड बना है।
संसदीय सचिव श्री चंद्राकर ने कहा कि धान खरीदी के लिए केन्द्र सरकार से राज्य की मांग के अनुसार बारदाना उपलब्ध न कराए जाने के बावजूद भी राज्य सरकार ने स्थानीय स्तर पर भरपूर बारदाने का इंतजाम और केन्द्रों में धान खरीदी की चाक-चौबंद व्यवस्था की। यह कांग्रेस और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का किसानों के प्रति नजरिया को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने छत्तीसगढ़ की धान खरीदी को बाधित करने का पूरा प्रयास किया है। उनकी केन्द्र सरकार ने सेन्ट्रल पुल में उसना चावल लेने से मना कर दिया हैं। केन्द्र ने धान खरीदी के लिये छत्तीसगढ़ को पर्याप्त बारदाना नही दिया उसके बावजूद कांग्रेस सरकार ने खुद व्यवस्था करके किसानों का पूरा धान खरीदा है। प्रदेश सरकार ने किसानों का पूरा धान खरीद कर अपना ही पुराना रिकार्ड तोड़ दिया। इस साल 97.97 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी का नया रिकार्ड बना है। वर्ष 2021 में 92 लाख मीट्रिक टन धान, वर्ष 2020 में 83.94 लाख मीट्रिक वहीं 2019 में 80.37 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी हुई थी। इस साल खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 में धान बेचने के लिए कुल 24,06,560 किसानों ने पंजीयन कराया था, जिनके द्वारा बोए गए धान का रकबा 30 लाख 10 हजार 880 हेक्टेयर है। जबकि गत वर्ष पंजीकृत धान का रकबा 27 लाख 92 हजार 827 हेक्टेयर था।

Related Articles

Back to top button