MLA का पति गिरफ्तार, PSO व सुरक्षा गार्ड नाराज विधायक ने लौटाया, स्कूटी में SP ऑफिस से गई घर

छत्तीसगढ़ में राजनांदगांव जिले के खुज्जी विधानसभा की विधायक छन्नी साहू के पति चंदू साहू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि गिरफ्तारी से पहले विधायक छन्नी साहू स्वयं अपने पति को लेकर एसपी ऑफिस पहुंची थीं और अपने पति को वहीं छोड़कर अपनी सुरक्षा लौटाते हुए स्कूटी से रवाना हो गई। कांग्रेस विधायक ने ऐसा कर एक तरह से अपनी ही सरकार की कानून व्यवस्था पर सवाल उठा दिए हैं।
बता दें कि विधायक पति पर रेत उत्खनन को लेकर जातिगत गाली-गलौज करने की शिकायत पर डेढ़ माह पहले एट्रोसिटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आदिवासी समाज लगातार विधायक पति की गिरफ्तारी के लिए पुलिस पर दबाव बना रहा था। आदिवासी समाज ने सोमवार को बड़े आंदोलन की चेतावनी दी थी, जिसके बाद पुलिस ने विधायक से इस मामले में सहयोग करने की अपील की थी। इसके बाद विधायक छन्नी साहू अपने पति को लेकर एसपी ऑफिस पहुंचीं। विधायक ने एसपी को रेत माफिया से खुद और परिवार को खतरा बताया है।
रेत माफियाओं से खुद को असुरक्षित महसूस कर रहीं
विधायक ने राजनांदगांव प्रेस क्लब में प्रेस कांफ्रेंस भी ली, जिसमें उन्होंने रेत माफिया के सामने स्वयं को असुरक्षित महसूस करने की बात कही। उन्होंने कहा कि उनके पति पर झूठे एट्रोसिटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रेस वार्ता के बाद विधायक अपने सुरक्षा गार्ड और पीएसओ को वापस करने राजनांदगांव पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और एसपी के नाम से सीएसपी को पत्र सौंपा। विधायक छन्नी साहू ने कहा कि अपने पति साहूजी को पुलिस को सौंप दी हूं। अब जो करना है कर ले। विधायक ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं।
एट्रोसिटी एक्ट के तहत विधायक का पति गिरफ्तार
विधायक ने कहा कि वे अपने पूरे सुरक्षा कर्मियों के साथ छुरिया क्षेत्र में थीं और इस दौरान उनके पति चंदू साहू भी साथ में थे। उस दौरान अवैध रेत खनन के मामले को लेकर उन्होंने सिर्फ पूछताछ की थी। जबकि आदिवासी ट्रैक्टर चालक का आरोप है कि विधायक पति चंदू साहू ने जातिगत गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी भी दी। इस मामले में ट्रैक्टर चालक की शिकायत पर थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। विधायक पति पर एट्रोसिटी एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया गया है। चंदू साहू की गिरफ्तारी को लेकर आदिवासी समाज और विभिन्न संगठनों पर लगातार पुलिस दबाव बना रहे थे।



