भाजपा के ईश्वर ठाकुर जामुल पालिका में बने अध्यक्ष, कांग्रेस की सुनीता बनीं क्रॉस वोटिंग से उपाध्यक्ष

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के जामुल नगर पालिका परिषद में अध्यक्ष भाजपा से बना तो क्रॉस वोटिंग की वजह से उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस का कब्जा हो गया। शपथ ग्रहण के बाद चुनाव कराया गया। भाजपा के ईश्वर ठाकुर 12 पार्षदों के समर्थन के साथ अध्यक्ष निर्वाचित हुए तो वहीं कांग्रेस की उपाध्यक्ष प्रत्याशी सुनीता चेन्नेवार के पक्ष में 11 पार्षदों ने मतदान किया। जामुल पालिका में अध्यक्ष पद पर भाजपा तो उपाध्यक्ष पद कांग्रेस को जीत मिली है। सबसे दिलचस्प बात तो यह है कि दो बार के अध्यक्ष रहे रेखराम बंछोर व इससे पहले के कार्यकाल में अध्यक्ष रहीं सरोजनी चंद्राकर को इस नए परिषद में पार्षद की ही भूमिका निभानी पड़ेगी।
शुक्रवार को शपथ ग्रहण के बाद हुए चुनाव में भाजपा प्रत्याशी ईश्वर ठाकुर को कुल 12 वोट मिले, जबकि कांग्रेस की सरोजनी चंद्राकर को 8 पार्षदों का समर्थन मिला। इसी प्रकार उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस की सुनीता चेन्नेवार को 11 व भाजपा की सीमा यादव को 9 वोट मिले। सरोजनी चंद्राकर इससे पहले के कार्यकाल में नगर पालिकाध्यक्ष थीं। जामुल पालिका के राजनीतिक रंग की चर्चा भी हो रही है। दो बार पालिका के अध्यक्ष रह चुके रेखराम बंछोर और पिछले कार्यकाल में अध्यक्ष रहीं सरोजनी चंद्राकर को इस नई परिषद में अब पार्षद की भूमिका निभानी पड़ेगी।
भाजपा में रेखराम के नाम पर नहीं बनी सहमति
भाजपा में गुटबाजी की वजह से कांग्रेस को क्रॉस वोटिंग की उम्मीद थी। बताया जाता है कि पूर्व अध्यक्ष रेखराम बंछोर को एक गुट अध्यक्ष बनाना चाहता था, तो दूसरा गुट नए को मौका देने पर अड़ गया। भाजपा पार्षदों में एक नाम पर सहमति नहीं बन रही थी। नाराजगी को देखते हुए कांग्रेस को क्रॉस वोटिंग की उम्मीद थी। इसी उम्मीद से कांग्रेस ने अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के लिए अपने प्रत्याशियों को उतारा। भाजपा ने अध्यक्ष पद तो हासिल कर लिया, लेकिन नाराजगी का फायदा कांग्रेस को क्रॉस वोटिंग के रूप में मिलेगा। कांग्रेस प्रत्याशी सुनीता चेन्नेवार उपाध्यक्ष बनीं।



