पूर्व सीएम रमन का मुख्यमंत्री भूपेश पर पलटवार, क्या सिर्फ गांधी परिवार की सुरक्षा ही कांग्रेस शासित राज्यों की जिम्मेदारी

पंजाब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में चूक के मामले को लेकर सीएम भूपेश बघेल के बयान के बाद छत्तीसगढ़ का माहौल गरमा गया है। भाजपा नेताओं ने सीएम भूपेश बघेल पर पलवाटर किया है। पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने ट्वीट पर लिखा है कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री @‌Bhupeshbaghel देश के पीएम @Narendramodi जी की सुरक्षा में चूक को ड्रामा बता रहे हैं। आप क्रोनोलॉजी समझिए कांग्रेस के खूनी इरादे क्या थे? क्या कांग्रेस शासित राज्यों की जिम्मेदारी सिर्फ गांधी परिवार की सुरक्षा है? कांग्रेस का घिनौना खेल बेनकाब हो गया है।

इधर भारतीय जनता पार्टी के नेता एवं पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने कहा कि पीएम की सुरक्षा में चूक के लिए पंजाब सरकार जिम्मेदार है। पंजाब के मुख्यमंत्री कहते हैं कि कोविड के कारण नहीं जा पाऊंगा। प्रधानमंत्री के प्रोटोकॉल में राज्य के डीजीपी और मुख्य सचिव होते हैं, लेकिन वहां कोई मौजूद नहीं था। पंजाब सरकार की पूरी सोची समझी साजिश है। मूणत ने कहा कि छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल पंजाब के विषय में प्रेस कांफ्रेंस ले रहे हैं। हम उन्हें कहना चाहते हैं कि पहले अपना घर संभाल लें। छत्तीसगढ़ में कानून व्यवस्था पहले ठीक कर लें।

पूर्व मंत्री अजय, अमर व बृजमोहन ने भूपेश पर साधा निशाना
पूर्व मंत्री व विधायक अजय चंद्राकर ने ट्वीट कर कहा कि माननीय प्रधानमंत्री @narendramodi जी की सुरक्षा में हुई चूक बेहद गंभीर मामला है। कांग्रेस शाषित राज्यों के सभी मुख्यमंत्रियों ने पूरी तरह से राजनीतिक सौजन्यता त्याग दी है… यह निंदनीय है। पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल ने भी ट्वीट कर कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा है कि पीएम की सुरक्षा में सेंध! माननीय प्रधानमंत्री @narendramodi जी की सुरक्षा में चूक अक्षम्य है…। पीएम साहब की जान को जानबूझकर जोखिम में डाला गया…। पंजाब में आज देश के साथ षड्यंत्र किया गया… यही कांग्रेस का मूल चरित्र है! वहीं भाजपा के विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने ट्विटर पर लिखा है कि पंजाब में देश के प्रधानमंत्री की सुरक्षा में की गई साजिश के लिए कांग्रेस के मुख्यमंत्री को एक मिनट भी पद पर रहने का नैतिक अधिकार नहीं है। उक्त संदर्भ में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की प्रतिक्रिया ओछी मानसिकता का परिचायक है।

सीएम भूपेश ने कहा- सत्ता के लिए पीएम कितना नीचे गिरेंगे
बता दें कि सीएम भूपेश बघेल ने राजीव भवन में प्रेस कांफ्रेंस कर पीएम नरेंद्र मोदी पर हमला बोला था। सीएम ने कहा कि क्या पीएम की गाड़ी को काली झंडे दिखाए गए? ऐसा क्या हुआ जो पीएम बयान दे रहे हैं कि मुख्यमंत्री को धन्यवाद देना की जिंदा बच गया? भूपेश बघेल ने प्रधानमंत्री पर विशुद्ध रूप से राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि सुरक्षा तो सिर्फ बहाना है बल्कि उन्हें राजनीति चमकाना है। इस बार चुनाव सिर पर है, लोगों की सहानुभूति चाहिए तो जान का खतरा बताया जा रहा है। अब सत्ता के लिए प्रधानमंत्री कितना नीचे गिरेंगे? सीएम के इस बयान के बाद छत्तीसगढ़ भाजपा के नेता सीएम भूपेश बघेल के खिलाफ आक्रामक हो गए हैं।

Related Articles

Back to top button