छत्तीसगढ़ में 7 जिलों के एसपी और 9 IPS अफसरों का हुआ तबादला, मुख्यमंत्री भूपेश की सुरक्षा जिम्मेदारी में भी बदलाव

छत्तीसगढ़ पुलिस में बड़ा फेरबदल हुआ है। सोमवार को देर शाम राज्य सरकार ने भारतीय पुलिस सेवा के 8 और राज्य पुलिस सेवा के एक अधिकारी की जिम्मेदारी बदल दी गई है। मैदानी इलाकों के साथ अति नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के पुलिस अधीक्षकों को बदला गया है। सरकार ने सात जिलों के पुलिस अधीक्षकों के प्रभार को बदला है। छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल 6वीं वाहिनी के सेनानी और मुख्यमंत्री सुरक्षा के पुलिस अधीक्षक भी तबादला सूची में शामिल है। मंत्रालय, महानदी भवन अटल नगर रायपुर से गृह विभाग के अवर सचिव मनोज कुमार श्रीवास्तव द्वारा सोमवार को यह आदेश जारी किया गया है।

जारी तबादला सूची में डी. श्रवण एसपी राजनांदगांव से सेनानी 6वीं वाहिनी छस बल रायगढ़, प्रखर पांडेय सेनानी 6वीं वाहिनी छस बल से पुलिस अधीक्षक मुख्यमंत्री सुरक्षा रायपुर, संतोष सिंह एसपी कोरिया से एसपी राजनांदगांव, विवेक शुक्ला पुलिस अधीक्षक मुख्यमंत्री सुरक्षा रायपुर से एसपी महासमुंद, डॉ. अभिषेक पल्लव एसपी दंतेवाड़ा से एसपी जांजगीर-चांपा, दिव्यांग पटेल एसपी महासमुंद से एसपी कोंडागांव, सिद्धार्थ तिवारी एसपी कोंडागांव से एसपी दंतेवाड़ा, प्रशांत ठाकुर एसपी जांजगीर-चांपा से एसपी धमतरी, प्रफुल्ल ठाकुर एसपी धमतरी से एसपी कोरिया जिले में किया गया है।

मैदानी इलाकों के एसपी भेजे गए नक्सल क्षेत्र
छत्तीसगढ़ के मैदानी इलाकों में पदस्थ एसपी को नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में पदस्थ किया गया है। इसमें अति संवेदनशील दंतेवाड़ा और कोंडागांव शामिल हैं। नक्सल क्षेत्र में पदस्थ डॉ. अभिषेक पल्लव को मैदानी क्षेत्र जांजगीर-चांपा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं कोंडागांव के एसपी को दंतेवाड़ा भेजा गया है। नक्सल प्रभावित राजनांदगांव की जिम्मेदारी कोरिया के एसपी संतोष सिंह को सौंपी गई है। वहीं नक्सल प्रभावित क्षेत्र में पदस्थ एसपी को मैदानी इलाकों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

Related Articles

Back to top button