100 पार महाराष्ट्र में ओमिक्रॉन केस, उद्धव सरकार ने पाबंदियों का किया ऐलान, कर्फ्यू रात 9 बजे से

महाराष्ट्र में ओमिक्रॉन केसों की संख्या 100 के पार चली गई है। इसके बाद उद्धव सरकार ने पाबंदियों का ऐलान कर दिया है। इसके तहत रात 9 बजे से सुबह 6 बजे तक कर्फ्यू लगाने का फैसला किया गया है।

नाइट कर्फ्यू के दौरान 5 से अधिक लोग कहीं एकत्रित नहीं हो सकते हैं। आवश्यक सेवाओं को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है। महाराष्ट्र सरकार ने शादी समारोह और धार्मिक आयोजनों में शामिल होने की सीमा भी तय कर दी है। महाराष्ट्र के मंत्री अनिल परब ने कहा कि बंद जगहों पर होने वाले ऐसे कार्यक्रमों में 100 से अधिक लोग शामिल नहीं हो सकते हैं, जबकि खुले स्थानों पर आयोजन में अधिकतम 250 लोग शामिल हो सकते हैं। होटल, स्पा, थिएटर क्षमता के 50 फीसदी ग्राहकों के साथ चल सकते हैं।

आज मिले ओमिक्रॉन के 20 नए केस
महाराष्ट्र में शुक्रवार को ओमिक्रॉन के 20 नए केस मिले हैं। इसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 108 हो गई है। इनमें से 54 को डिस्चार्ज किया जा चुका है। आज मिले 20 केसों में से 11 मुंबई में मिले हैं, जबकि 6 पुणे, 2 सतारा और 1 संक्रमित अहमदनगर में मिले हैं। इन नए मरीजों में से 15 का विदेश यात्रा का इतिहास है। एक ने देश में ही यात्रा की थी, जबकि अन्य इनके संपर्क में आए लोग हैं। इनमें एक मरीज नाबालिग है, जबकि 6 मरीज 60 साल से अधिक उम्र के हैं। इनमें से किसी में कोई लक्षण नहीं है।

Related Articles

Back to top button