छत्तीसगढ़:एक दिन के नवजात को कुत्तों के बीच फेंककर भाग गई मां, मासूम बच्ची रातभर पिल्लों के साथ पड़ी रही

छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में ममता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। लोरमी से लगे सारिसताल गांव में एक निर्मोही मां ने पैदा होने के बाद अपनी बच्ची को कुत्तों के बच्चों के साथ पैरावट में छोड़ दिया। बच्ची के शरीर में एक कपड़ा भी नहीं था। खुले बदन बच्ची रातभर कुत्तों के बच्चों के साथ पड़ी रही। पिल्लों की मां (कुतिया) भी वहां पहुंची, लेकिन बच्ची को नुकसान नहीं पहुंचाया है। कुतिया पूरी रात बच्ची की देखभाल करती रही है। ग्रामीण इसे भगवान का चमत्कार ही मान रहे हैं कि इस कंपकपाती ठंड में बच्ची स्वस्थ और सुरक्षित है।
सुबह होने पर गांव के एक किसान ने बच्ची को देखकर इसकी सूचना पुलिस को दी। बच्ची को बाल कल्याण समिति के सुपुर्द किया गया। बच्ची को लोरमी स्थित मातृ शिशु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। समिति ने बच्ची का नाम आकांक्षा भी रख दिया है। वहीं लोरमी पुलिस आसपास के गांवों में गर्भवती महिलाओं के बारे में जानकारी जुटा रही है। वहीं मितानिनों से भी पूछताछ की जा रही है।

बच्ची पूरी तरह स्वस्थ, पुलिस कर रही जांच
नवजात बच्ची सारिसताल के किसान भैयालाल के पैरावट में सुबह कुत्ते के बच्चों के बीच में मिली। कुत्तों के बच्चों के साथ एक बच्ची के मिलने से हड़कंप मच गया। ग्रामीण ने इसकी सूचना सरपंच को दी, जिसके बाद यह मामला थाना पहुंचा। लोरमी थाना की पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं चाइल्ड लाइन मुंगेली ने बच्ची को अपने कब्जे में लेकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बच्ची पूरी तरह से स्वस्थ है। अभी तक बच्ची की मां सामने नहीं आई है। साथ ही किसी के खिलाफ कोई केस दर्ज नहीं हुआ है।

Related Articles

Back to top button