केनरा बैंक उठाईगिरी के आरोपी 24 घंटे के भीतर हुई गिरफ्तारी

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के मरीन ड्राइव स्थित केनरा बैंक के अंदर से बुधवार को दिनदहाड़े हुई लाखों रुपए उठाईगिरी के आरोपियों को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। मामले का आरोपी कोई और नहीं बल्कि खुद मुंशी और उसका दोस्त निकला। मुंशी ने एक माह पहले दोस्त बनाया और फिर मरीन ड्राइव में बैठकर चोरी की योजना बनाई थी। बैंक से रुपए लेकर जाने वाले आरोपी और मुशी को पुलिस ने जेल भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने चोरी की नकदी 3.50 लाख रुपए, सोने के जेवरात एवं घटना में प्रयुक्त दोपहिया वाहन बरामद किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सड्डू रायपुर निवासी भारत भूषण गुप्ता ने तेलीबांधा थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके फर्म का तेलीबांधा मरीन ड्राईव स्थित केनरा बैंक में खाता है। बुधवार को अपने कर्मचारी मुंशी प्रभात नायक को सेल्स का पैसा जमा करने बैंक भेजा था। बैग में 4 लाख 14 हजार रुपए थे। 12 बजे प्रभात ने फोन कर बताया कि रुपए से भरा बैग बैंक से पार हो गया है। शिकायत पर पुलिस ने मुंशी प्रभात नायक से कड़ाई से पूछताछ की और सीसीटीवी कैमरों की जांच की, तब पता चला कि एक वाहन ग्राम पिरदा स्थित हाऊसिंग बोर्ड कॉलोनी के पार्किंग में खड़ा मिला। वाहन हेमंत तिवारी की थी। हेमंत को पकड़कर कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने बताया कि प्रभात नायक के कहने पर उठाईगिरी की घटना को अंजाम देना बताया।
रुपए चोरी करने पांच दिनों से दोनों साथ पहुंच रहे थे बैंक
पूछताछ में प्रभात नायक ने बताया कि एक माह पहले हेमंत तिवारी से मरीन ड्राईव पर मुलाकात हुई थी। दोनों में दोस्ती हो गई। इसी दौरान प्रभात नायक ने अपने काम के संबंध में हेमंत को जानकारी दी। इसके बाद दोनों ने मिलकर रकम चोरी करने की योजना बनाई। योजना के अनुसार प्रभात नायक बैंक में रकम जमा करने जाता तो इसकी जानकारी वह हेमंत तिवारी को देता था। हेमंत पीछे-पीछे बैंक के अंदर आ जाता। ऐसा दोनों 4-5 दिनों से लगातार कर रहे थे, लेकिन बैंक में भीड़ होने के कारण घटना को अंजाम नहीं दे पा रहे थे। छठवें दिन मौका मिला तो बैंक के अंदर से रुपए भरा बैग उठा लिए। आरोपियों के कब्जे से साढ़े तीन लाख रुपए नकद, चोरी के रुपए से आरोपी द्वारा गिरवी से छुड़ाए गए सोने के जेवर और घटना में उपयोग किए गए दोपहिया वाहन को पुलिस ने जब्त किया है।



