कोरोना के आठ-नौ लाख मामले आ सकते हैं प्रतिदिन मई के दूसरे सप्ताह में : भ्रमर मुखर्जी

अमेरिका की मिशिगन यूनिवर्सिटी की महामारी विज्ञानी डॉक्टर भ्रमर मुखर्जी भारत की कोरोना की हालत का गहराई से अध्ययन करती रही हैं. वे दुनिया की जानी-मानी वैज्ञानिक हैं.

उन्हें महामारियों के आँकड़ों के आधार पर गणितीय मॉडल बनाने में महारत हासिल है, इन मॉडलों के ज़रिए महामारी के बारे में काफ़ी हद तक सटीक वैज्ञानिक भविष्यवाणियाँ की जा सकती हैं.

डॉक्टर मुखर्जी का कहना है कि अगर जल्द सही और पर्याप्त क़दम नहीं उठाए गए, तो मई के दूसरे हफ़्ते में भारत में हालात और बिगड़ सकते हैं.

मुखर्जी पिछले साल मार्च से ही भारत में कोरोना वायरस के संक्रमण का अध्ययन कर रही हैं. इससे पहले भी सरकारी आँकड़ों और मैथेमेटिकल मॉडल की मदद से भ्रमर मुखर्जी ने अनुमान लगाया था कि भारत में दूसरी लहर काफ़ी घातक सिद्ध होगी.

हाल ही में उन्होंने कहा था कि कोरोना की दूसरी लहर का चरम मई के दूसरे सप्ताह तक देखा जाएगा जब पॉज़िटिव मामले आठ से नौ लाख के बीच होंगे और रोज़ साढ़े चार हज़ार से अधिक मौतें होने की आशंका है.

भारत भविष्य में कोरोना की आने वाली किसी लहर के लिए कितना तैयार है?

एक मॉडलर पूर्वानुमान ये सोच कर लगाता है कि इन अनुमानों को जनता और नीति निर्माता गंभीरता से लेंगे और हम वास्तव में संक्रमण को हराने की कोशिश करें. पूर्वानुमान के बाद रोकथाम के उपाय जैसे चेहरा ढंकना, सामाजिक दूरी बनाए रखना, बड़ी सभा से बचना और संभवतः क्षेत्रीय लॉकडाउन आदि पर ज़ोर दिया जाना चाहिए. मेरी आशा है कि ये सही साबित न हों, वही अच्छा होगा. लेकिन अगर हम ऐसे ही अनदेखी करते रहे तो हर मॉडल, न केवल हमारा मॉडल, यही अनुमान लगा रहा है कि ख़तरा बहुत अधिक है. अगर आप बड़ी संख्या में फैलते संक्रमण को देखें और इस पर नज़र डालें कितने मामलों की गिनती नहीं हो पा रही है तो यह मानना होगा कि यह बहुत व्यापक रूप से फैल गया है. भारत में वर्तमान में जो लोग बीमार हैं और लक्षणों का अनुभव कर रहे हैं, उनकी संख्या चौंकाने वाली है.

क्या आपको लगता है कि डेटा और मॉडलिंग में भारत पिछड़ा है?

हाँ, भारत में स्वास्थ्य विज्ञान का बुनियादी ढांचा वास्तव में ख़राब है. डेटा हासिल करना बहुत कठिन है. पहली और दूसरी लहर में कमज़ोर लोगों की उम्र और लिंग के संदर्भ में वर्गीकृत डेटा उपलब्ध नहीं है.

सरकार की ओर से जारी किए गए डेटा को देखते हुए आप अपने डेटा की भविष्यवाणी कैसे करती हैं?

भारत मॉडलिंग परियोजना आपको सिखाती है कि आप सबसे ख़राब डेटा के साथ बेहतर मॉडलिंग कैसे कर सकते हैं. हमने उन संक्रमणों की संख्या पर अनुमान नहीं लगाया जो रिपोर्ट नहीं हुए हैं, वह अज्ञात हिस्सा है और वो काफ़ी बड़ा है. परीक्षण स्तर, रिपोर्ट किए गए केस पैटर्न और मौत के पैटर्न को देखकर हमने सभी भविष्यवाणियाँ की हैं. हम आपदा का एक छोटा सा हिस्सा देख पा रहे हैं, पूरी आपदा कितनी बड़ी है इसका अनुमान भर लगाया जा सकता है.

Related Articles

Back to top button