वरिष्ठ टीवी पत्रकार रोहित सरदाना का दिल का दौरा पड़ने से निधन, एक हफ़्ते पहले हुए थे कोरोना पॉजिटिव

लोकप्रिय टीवी पत्रकार और एंकर रोहित सरदाना का निधन हो गया है. क़रीब 40 साल के रोहित सरदाना ने 24 अप्रैल को ट्वीट कर बताया था कि वो सीटी स्कैन में कोरोना संक्रमित पाए गए हैं.

तब उन्होंने यह भी कहा था कि हालत में बेहतरी हो रही है लेकिन छह दिन बाद ही उनकी मृत्यु हो गई.

रोहित सरदाना के सहकर्मी और इंडिया टुडे के वरिष्ठ टीवी पत्रकार राजदीप सरदेसाई ने भी ट्वीट कर रोहित के मौत की पुष्टि की है.

राजदीप ने अपने ट्वीट में लिखा है, ”रोहित और मेरे राजनीतिक विचार मेल नहीं खाते थे लेकिन हमलोग हमेशा बिना किसी द्वेष के बहस करते थे. हमलोगों ने एक रात एक शो (शायद कर्नाटक पर सुप्रीम कोर्ट का फ़ैसला) किया था और तीन बजे तड़के पूरा हुआ था. शो ख़त्म होने के बाद रोहित ने कहा- बॉस आज मज़ा आ गया. रोहित उत्साही पत्रकार और एंकर थे. श्रद्धांजलि रोहित.”

राजदीप ने अपने दूसरे ट्वीट में कहा है कि रोहित की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई है.

शुक्रवार दोपहर ज़ी न्यूज़ के एडिटर इन चीफ़ सुधीर चौधरी ने ट्वीट कर रोहित के मौत की जानकारी दी. रोहित ज़ी न्यूज़ में उनके सहयोगी रहे थे.

सुधीर ने अपने ट्वीट में लिखा है, ”अब से थोड़ी देर पहले एक फ़ोन आया. उसने जो कहा सुनकर मेरे हाथ काँपने लगे. हमारे मित्र और सहयोगी रोहित सरदाना की मृत्यु की ख़बर थी. ये वायरस हमारे इतने क़रीब से किसी को उठा ले जाएगा, ये कल्पना नहीं की थी. इसके लिए मैं तैयार नहीं था. ये भगवान की नाइंसाफ़ी है. ॐ शान्ति.”

Related Articles

Back to top button