दिल्ली को एक रन से हराकर अंकतालिका में दोबारा टॉप पर आरसीबी

विराट कोहली की कप्तानी वाली रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने दिल्ली कैपिटल्स को आईपीएल के 14वें सीजन के 22वें मैच में एक रन से हरा दिया. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में दिल्ली के कप्तान ऋषभ पंत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. बैंगलोर ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 171 रन बनाए जिसके बाद दिल्ली की टीम 4 विकेट पर 170 रन बना पाई और मात्र एक रन से जीत से चूक गई.

इस जीत के साथ बैंगलोर टीम 10 अंकों के साथ तालिका में टॉप पर पहुंच गई है. वहीं, दिल्ली टीम 8 अंकों के साथ तीसरे नंबर पर है. बैंगलोर ने 6 मैचों में 5वीं जीत दर्ज की जबकि दिल्ली को इतने ही मैचों में दूसरी हार झेलनी पड़ी. 

दिल्ली की टीम ने शिमरन हेटमायर (53*) और कप्तान ऋषभ पंत (58*) के अर्धशतकों की बदौलत 20 ओवर में 4 विकेट पर 170 रन बनाए और एक रन से हार गई. दिल्ली टीम के लिए हेटमायर ने तूफानी अंदाज में खेलते हुए 25 गेंदों पर 2 चौकों और 4 छक्कों की मदद से नाबाद 53 रन बनाए. कप्तान ऋषभ पंत ने 48 गेंदों पर 6 चौकों की मदद से नाबाद 58 रन का योगदान दिया. पृथ्वी शॉ ने 21 रन बनाए. बैंगलोर के पेसर हर्षल पटेल ने 37 रन देकर दो विकेट झटके जबकि मोहम्मद सिराज और काइल जैमीसन को 1-1 विकेट मिला.

अंतिम ओवर में दिल्ली को जीत के लिए 12 रन की जरूरत थी, जिसमें शुरुआती दोनों गेंदों पर 1-1 रन मिला और तीसरी गेंद डॉट रही. फिर पंत ने चौथी गेंद पर दौड़कर दो रन पूरे किए और अर्धशतक भी पूरा किया. इसके बाद फुल टॉस पर पंत ने चौका लगाया जिससे अंतिम गेंद पर जीत के लिए 6 रन की जरूरत थी. हालांकि चौका मिला और बैंगलोर ने इस रोमांचक मैच को एक रन से जीत लिया.

Related Articles

Back to top button