कोरोना हॉस्पिटल में आग लगने से 4 मरीजों की मौत, 3 दम घुटने से और एक की जिन्दा जलकर मौत

रायपुर, राजधानी रायपुर के पचपेढ़ी नाका स्थित राजधानी अस्पताल के आइसीयू वार्ड में शार्ट सर्किट की वजह से आग लगी है, जिसमें चार मरीजों की मौत होने की पुष्टि हो गई है। बताया जा रहा है कि एक मरीज की जलने की वजह से और तीन की दम घुटने की वजह से मौत हो गई है।
सीएम भूपेश बघेल ने राजधानी अस्पताल में आगजनी मामला में मृतक के परिवारों को 4-4 लाख रुपये की सहायता करने का एलान किया है. सीएम के निर्देश पर कलेक्टर एस भारतीदासन और एसएसपी अजय यादव घटना स्थल पहुंचे. अस्पताल प्रबंधन से अधिकारियों ने घटना की जानकारी ली. मरीजों के परिजनों से अधिकारियों ने चर्चा की.
वहीं 40 से अधिक मरीज इस हादसे की वजह से प्रभावित हो गए हैं। आग इतनी भीषण थी कि अफरा-तफरी में मरीजों को स्ट्रेचर में डालकर अस्पताल के बाहर लाया गया। आग लगने के बाद दमकल और पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंचकर अस्पताल में लगी आग को बुझा लिया गया है।
आग लगते ही अस्पताल में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में बाकी मरीजों को अस्पताल से बाहर निकाल लिया गया। उन्हें पास के दूसरे अस्पतालों में भेजा जा रहा है। कुछ मरीज अपने बेड से उतरकर बाहर निकल आए हैं। आगजनी की घटना के बाद बड़ी संख्या में पुलिस बल अस्पताल के बाहर मौजूद है। राजधानी अस्पताल को कोविड केयर हॉस्पिटल भी बनाया गया है



