रायपुर : एक ही परिवार के 5 लोगों की संदिग्ध मौत, जहर खाने की आशंका; पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर

रायपुर। राजधानी रायपुर एक दिल दहला देने वाली घटना से दहल उठी। टिकरापारा थाना क्षेत्र के संजय नगर स्थित मदनी चौक में किराए के मकान से एक ही परिवार के पांच लोगों के शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। शुरुआती जांच में मामला सामूहिक आत्महत्या या हत्या के बाद आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस ने अभी अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला है और हर पहलू की गहन जांच की कर रही है।
मृतकों की पहचान शेख साजिद अली, उनकी पत्नी और तीन मासूम बच्चों के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही टिकरापारा पुलिस, एफएसएल की टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, परिवार किराए के मकान में रह रहा था। पुलिस को आशंका है कि पहले पत्नी और तीन बच्चों को जहरीला पदार्थ दिया गया, जिसके बाद परिवार के मुखिया शेख साजिद अली ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि इस पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगी।

घटना के बाद पूरे संजय नगर इलाके में मातम और दहशत का माहौल है। पड़ोसी भी इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध हैं। आखिर ऐसा क्या हुआ कि पूरा परिवार खत्म हो गया? क्या इसके पीछे आर्थिक तंगी, पारिवारिक तनाव या कोई और वजह है? इन सभी सवालों के जवाब तलाशने में पुलिस जुटी हुई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही होगा।