FEATURED

स्टेट वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन का विस्तार, पत्रकार हितों पर मंथन

बारिश के बीच जिला स्तरीय बैठक में जुटे पत्रकार  अधिकारों की रक्षा और संगठनात्मक मजबूती पर जोर

 

 

 

 

 

हरिमोहन तिवारी

 

 

रायपुर । स्टेट वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन के संगठन विस्तार अभियान के तहत धमतरी में आयोजित जिला स्तरीय बैठक में पत्रकार हितों, अधिकारों, कानूनी सुरक्षा और संगठनात्मक एकजुटता जैसे मुद्दों पर गंभीर मंथन हुआ। लगातार बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में पत्रकारों की मौजूदगी ने संगठन के प्रति भरोसे और एकजुटता को रेखांकित किया।

बैठक को संबोधित करते हुए यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष पी.सी. रथ ने कहा कि पत्रकारों की समस्याओं का प्रभावी समाधान तभी संभव है, जब वे संगठित होकर अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाएं। उन्होंने पत्रकारों से संगठन से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि मजबूत संगठन ही पत्रकार हितों की लड़ाई को धार दे सकता है।

बैठक में आईजेयू (इंडियन जर्नलिस्ट्स यूनियन) के एनईसी सदस्य दिलीप साहू और विनीता मंडल हलदार ने पत्रकारों के कानूनी अधिकारों, सुरक्षा संबंधी प्रावधानों और आईजेयू की कार्यप्रणाली पर विस्तार से जानकारी दी।

 

उन्होंने पत्रकारों की शंकाओं का समाधान करते हुए संगठन से जुड़ने के व्यावहारिक लाभ भी बताए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए धमतरी के वरिष्ठ पत्रकार और वर्किंग जर्नलिस्ट्स यूनियन के राज्य कार्यकारिणी सदस्य मोहम्मद शाह ने पत्रकारों की एकजुटता को समय की जरूरत बताया।

 

उन्होंने कहा कि पत्रकारों की अनेक समस्याओं का हल नियमित संवाद, सामूहिक पहल और मजबूत संगठनात्मक ढांचे से ही निकल सकता है।

 

उन्होंने अपने धमतरी प्रेस क्लब अध्यक्ष कार्यकाल के दौरान पत्रकारों के लिए कराए गए दुर्घटना बीमा का उल्लेख करते हुए युवा पत्रकारों को सामाजिक और पेशेवर सुरक्षा के प्रति सजग रहने की सलाह दी।

बैठक में यूनियन के कोषाध्यक्ष शुभम वर्मा सहित मीनल शर्मा, सुजाता, शिवानी, लविंदर, शिवशंकर पांडेय सोनू, हरिमोहन तिवारी, अमित बाघ, शमशाद खान, मयंक केसरवानी, पूनम शुक्ला, दुर्गेश साहू, प्रतीक पटनायक, शिवानी दस्ती और मिथिलेश पटेल सहित अनेक पत्रकार मौजूद रहे।

बैठक की सफलता में जितेंद्र साहू की विशेष भूमिका रही। प्रतिकूल मौसम और लगातार बारिश के बावजूद उन्होंने कार्यक्रम की व्यवस्थाएं संभालने के साथ धमतरी के पत्रकारों तक सूचना पहुंचाने और उनकी सहभागिता सुनिश्चित कराने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

कार्यक्रम के अंत में संगठन की ओर से उपस्थित सभी पत्रकारों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि संगठन के विस्तार के साथ पत्रकारों के अधिकारों और सम्मान की लड़ाई और अधिक मजबूती से आगे बढ़ेगी।

Related Articles

Back to top button