घर में चोरी करती पकड़ी गई नौकरानी, ढाई लाख कैश के साथ गिरफ्तार

रायपुर, । राजधानी रायपुर में घरेलू कामकाज करने वाली एक महिला द्वारा अपने ही मालिक को लाखों रुपये का चूना लगाने का मामला सामने आया है। न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र स्थित डॉल्फिन ज्वेल अपार्टमेंट में हुई इस घटना ने लोगों को चौंका दिया है। आरोपी नौकरानी घर से करीब 2 लाख 50 हजार रुपये नगद और एक लॉकर लेकर फरार हो गई थी, जिसे पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, घटना डॉल्फिन ज्वेल अपार्टमेंट के एक फ्लैट की है, जहां आरोपी प्रिया ढीढी घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थी। घर की दिनचर्या और सामान की जानकारी होने का फायदा उठाकर उसने मौका पाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद जब घर के मालिकों को नकदी और लॉकर गायब होने का पता चला, तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने सबसे पहले अपार्टमेंट में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें आरोपी महिला को लॉकर लेकर जाते हुए स्पष्ट रूप से देखा गया। इसी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान सुनिश्चित की और उसकी तलाश शुरू की।
लगातार दबिश और तकनीकी जांच के बाद पुलिस ने आरोपी प्रिया ढीढी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की पूरी नगदी रकम और लॉकर भी बरामद कर लिया है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी ने विश्वास का दुरुपयोग करते हुए यह वारदात की है। घरेलू सहायकों को घर में प्रवेश और काम करने की अनुमति देना एक सामान्य बात है,
लेकिन इस घटना ने सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इस मामले में पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे घर में काम करने वाले कर्मचारियों का पूरा सत्यापन जरूर कराएं और उनके पहचान पत्र तथा पते की जानकारी स्थानीय थाने में जमा करें। साथ ही घर में CCTV कैमरे लगाने और सुरक्षा उपायों को मजबूत करने की भी सलाह दी गई है।



