सास को बहू ने खिलाई नींद की गोली फिर गला काटा, सीने में कैंची गोदकर उतारा मौत के घाट

पुस्तैनी जमीन में हिस्सा नहीं देने से नाराज बहू ने सास को नींद की गोली खिलाने के बाद चाकू से गला काटकर व सीने में कैंची से गोदकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। महिला ने बुजुर्ग सास की हत्या करने की साजिश कई दिन पहले रच ली थी।
सास को नींद की गोली खिलाने के लिए उसने एक चिकित्सक से खुद के नाम की पर्ची पर दवा और बाजार से चाकू खरीदकर लाई थी। उचाना पुलिस ने महिला को रविवार को अदालत में पेश किया, जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
जानकारी के लिए 19 मार्च को उचाना में रोशनी नामक बुजुर्ग महिला की हत्या हो गई थी। इस मामले में उचाना थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया था। पुलिस जांच में बुजुर्ग महिला की हत्या में उसकी बहू सुशीला का नाम सामने आया। हत्या की वजह रोशनी द्वारा अपने बेटे मनजीत को पैतृक जमीन में हिस्सा नहीं देना बताया जा रहा है।
सुशीला और उसका पति मनजीत निजी स्कूल में शिक्षक हैं। रोशनी दोनों को नौकरी वाला बताकर उनके हिस्से की जमीन देने से मना कर दिया था। उसने यह जमीन अपने दूसरे बेटे मुकेश को दे दी थी। जमीन को लेकर सास-बहू के बीच विवाद रहता था।
हत्या के दिन भी सास-बहू के बीच विवाद हुआ था। इसके चलते ही बहू ने पहले सास को नींद की गोलियां दी। इसके बाद उसकी गर्दन पर चाकू से वार कर काट दिया। इतना ही नहीं उसने सास की छाती पर कैंची से कई वार किए।
आठ एकड़ जमीन को लेकर विवाद
रोशनी के दो बेटे हैं। इनमें से मनजीत और उसकी पत्नी सुशीला निजी स्कूल में अध्यापक हैं, जबकि दूसरा बेटा मुकेश खेतीबाड़ी करता है। इसके चलते रोशनी ने अपनी आठ एकड़ जमीन मुकेश को दे रखी थी, जबकि सुशीला अपने हिस्से की जमीन मांग रही थी। रोशनी सुशीला के साथ ही रहती थी।



