BSF की बड़ी कामयाबी: 1.5 करोड़ की कोकीन और 67 लाख के सोना के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

भारत बांग्लादेश सीमा पर बीएसएफ को बड़ी कामयाबी मिली है। भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तैनात बीएसएफ की 149वीं बटालियन ने बड़ी जब्ती की है। खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए बीएसएफ जवानों ने 316 ग्राम कोकीन जब्त की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपए बताई जा रही है।
दूसरी ओर, नदिया में बीएसएफ ने कार्रवाई करते हुए 67 लाख रुपए का सोना जब्त कर दो लोगों को गिफ्तार किया है। दक्षिण बंगाल फ्रंटियर के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया बीएसएफ के अनुसार, 149वीं बटालियन की लावंगोला सीमा चौकी के जवानों को सूचना मिली थी कि चार बिनपाड़ा गांव में एक संदिग्ध के घर के पास मादक पदार्थ छिपाकर रखा गया है।
इस इनपुट के आधार पर बीएसएफ ने तलाशी अभियान चलाया। गांव के दो गवाहों की मौजूदगी में संदिग्ध घर और आसपास के इलाके की गहन तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान घर से लगभग दो मीटर की दूरी पर एक संदिग्ध पैकेट बरामद किया गया। पैकेट खोलने पर उसमें कोकीन पाई गई। हालांकि इस कार्रवाई के दौरान किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। जब्त की गई कोकीन को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को सौंप दिया गया है।
67 लाख रुपए का सोना को साथ दो गिरफ्तार
बीएसएफ दक्षिण बंगाल सीमांत के जवानों ने पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में भारत–बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित 32वीं वाहिनी की सीमाचौकी मालुआपारा क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए दो भारतीय तस्करों को गिरफ्तार कर सोना तस्करी नेटवर्क को करारा झटका दिया। कार्रवाई के दौरान तस्करों के कब्जे से 510 ग्राम वजनी सोने के बिस्कुट बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत 67,37,100 लाख रुपए बताई गई है।
बीएसएफ से कैसे की गिरफ्तारी
जानकारी के मुताबिक बुधवार की सुबह सीमाचौकी मालुआपारा के जवानों को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि कुछ तस्कर बांग्लादेश से तस्करी किया गया अवैध सोना सीमा चौकी क्षेत्र के रास्ते भारत में प्रवेश कराने की योजना बना रहे हैं। सुबह लगभग 10 बजे जवानों ने बांस की झाड़ियों की आड़ लेकर बांग्लादेश की ओर से भारत की सीमा की तरफ बढ़ते हुए एक संदिग्ध व्यक्ति को देखा। जवानों द्वारा चुनौती दिए जाने पर उक्त व्यक्ति ने बिना किसी प्रतिरोध के तुरंत आत्मसमर्पण कर दिया। इसके तुरंत बाद उसकी गहन तलाशी ली गई, जिसके दौरान उसके कब्जे से प्लास्टिक में लिपटे दो पैकेट बरामद किए गए।
पैकेटों की जांच करने पर उनके अंदर से सोने के चार बिस्कुट पाए गए। जवानों ने मौके पर ही सोने के बिस्कुटों सहित तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार तस्कर से पूछताछ में खुलासा हुआ कि उसे यह खेप अपने गांव के ही एक व्यक्ति को सौंपनी थी। इस सूचना पर बीएसएफ जवानों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रंगियापोटा गांव में छापा मारकर उसकी निशानदेही पर दूसरे तस्कर को उसके घर से हिरासत में ले लिया। इसके बाद दोनों को सीमा चौकी मालुआपारा लाकर पूछताछ की गई, जहां उन्होंने स्वीकार किया कि इस अवैध गतिविधि के बदले उन्हें रकम देने का वादा किया गया था।
बीएसएफ की सतर्कता से यह तस्करी प्रयास समय रहते विफल कर दिया गया। गिरफ्तार किए गए दोनों तस्करों को जब्त सोने के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई हेतु संबंधित विभाग को सौंप दिया गया है।



