FEATURED

घर के सेप्टिक टैंक में मिली नवविवाहित महिला की लाश:दो महीने से थी लापता

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। लोहारा थाना क्षेत्र के बांधाटोला गांव में नवविवाहित महिला का शव घर के सेप्टिक टैंक में मिला है, जिससे पूरे गांव में सनसनी फैल गई है। घर से अचानक तेज बदबू आने पर परिजनों और ग्रामीणों को शक हुआ, जिसके बाद मामले का खुलासा हुआ। वहीं मामले की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच कार्रवाई में जुट गई है।

 

मृतका की पहचान कमानी निषाद के रूप में हुई है, जिसने कुछ माह पहले लव मैरिज कर भेजराज पटेल से शादी की थी। दो माह पहले उसके पति ने लोहारा थाना में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी और तब से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।

 

शव मिलने की जानकारी मिलते ही लोहारा पुलिस मौके पर पहुंची और सेप्टिक टैंक से शव को बाहर निकलवाकर पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं ग्रामीणों ने मृतका के ससुर जहर पटेल पर हत्या का संदेह जताया है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ससुराल पक्ष के सभी सदस्यों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु का कारण स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल, पुलिस मामले में हर बिंदुओं पर तफ्तीश कर रही है।

 

 

 

Related Articles

Back to top button