FEATURED

पूर्व केंद्रिय मंत्री प्रकाश जायसवाल का निधन, कानपुर से तीन बार रहे सांसद

कानपुर से तीन बार सांसद और मनमोहन सरकार में कोयला मंत्री रहे श्रीप्रकाश जायसवाल का इलाज के दौरान शुक्रवार की शाम को निधन हो गया। 81 वर्षीय जायसवाल काफी दिनों से बीमार चल रहे थे। तबीयत खराब होने के चलते उन्हें कॉर्डिलॉजी लाया गया था। कॉर्डियोलॉजी हार्ट विभाग ने जायसवाल के निधन की पुष्टि की है। कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि वह कई दिनों से बीमार चल रहे थे, जिसके चलते किदवई नगर स्थित नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। यहां से उन्हें कॉर्डियोलॉजी रेफर कर दिया गया था। यहीं पर उनका इलाज चल रहा था, लेकिन शुक्रवार को डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जायसवाल के निधन से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई है।

 

श्रीप्रकाश का निधन कांग्रेस पार्टी और कानपुर के राजनीतिक जगत के लिए एक बड़ी क्षति है। 1999, 2004 और 2009 में श्रीप्रकाश जायसवाल ने कानपुर में कांग्रेस का परचम बुलंद किया। 2004 में मनमोहन सरकार में केंद्रीय गृह राज्यमंत्री व 2011 से 2014 तक कोयला मंत्रालय का स्वतंत्र कार्यभार भी संभाला। बीमारी के कारण वह लंबे समय से राजनीति से दूर थे। कानपुर के पोखरपुर स्थित आवास में पत्नी मायारानी जायसवाल, छोटे बेटे गौरव जायसवाल के साथ वह रह रहे थे। बड़े बेटे सिद्धार्थ जायसवाल कनाडा में रहते हैं।

सूत्रों के अनुसार, बड़े बेटे के कनाडा से लौटने के बाद उनका अंतिम संस्कार होगा। पूर्व केंद्रीय मंत्री के निधन से शहर में शोक की लहर दौड़ गई। पार्टी के प्रदेश व राष्ट्रीय हाईकमान को भी सूचना दी गई है। वहीं उनके पोखरपुर स्थित आवास पर पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं का हुजूम जुट गया। कार्डियोलॉजी निदेशक डॉ. आरके वर्मा ने बताया कि देर शाम परिजन उन्हें लेकर आए थे। हालांकि अस्पताल आने से पहले ही उनकी मृत्यु हो चुकी थी।

 

 

Related Articles

Back to top button