इंडिया ने इंग्लैंड 66 रन से हराया ,सीरीज में 1-0 की बढ़त

वन-डे क्रिकेट में डेब्यू करने वाले दो खिलाड़ियों ने भारत को पहला मैच जिता दिया। तीन मैच की वन-डे सीरीज के सारे मुकाबले पुणे में खेले जाने हैं। मंगलवार रात टीम इंडिया ने इंग्लैंड को 66 रन से हराते हुए श्रृंखला में 1-0 की बढ़त बना ली। दूसरा मैच 26 मार्च यानी शुक्रवार को होगा। 98 रन बनाने वाले शिखर धवन भले ही मैन ऑफ द मैच चुने गए हो, लेकिन पूरी दुनिया इस वक्त सिर्फ क्रुणाल पांड्या और प्रसिद्ध कृष्णा की ही चर्चा कर रही है।
डेब्यू मैच में ही कृष्णा और क्रुणाल ने रचा इतिहास
खराब फॉर्म के कारण दबाव में चल रहे शिखर धवन के 98 रन और क्रुणाल के आक्रामक अर्धशतक की मदद से भारत ने टॉस गंवाने के बाद पांच विकेट पर 317 रन बनाए। क्रुणाल ने 31 गेंद में नाबाद 58 रन बनाए जो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण पर किसी भी बल्लेबाज का सबसे तेज अर्धशतक है। जवाब में इंग्लैंड की शुरूआत बेहद अच्छी रही, लेकिन पहला विकेट गिरने के बाद टीम संभल ही नहीं सकी और 42.1 ओवर में 251 रन पर आउट हो गई। इंग्लैंड का स्कोर 15वें ओवर में बिना किसी नुकसान के 135 रन था, लेकिन कृष्णा और शार्दुल ठाकुर ने मैच की तस्वीर ही बदल दी। ठाकुर ने 37 रन देकर तीन विकेट लिए। कृष्णा ने 54 रन देकर चार विकेट लिए जो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण पर किसी भारतीय गेंदबाज का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
जॉनी बेयरस्टो ने ठोके ताबड़तोड़ 94 रन
इंग्लैंड के लिए जॉनी बेयरस्टॉ ने 55 गेंद में 94 रन बनाए और जेसन रॉय ने 35 गेंद में 46 रन जोड़कर उम्दा शुरूआत की। कृष्णा ने पहले तीन ओवर में 37 रन दिये लेकिन बाद में बेहतरीन वापसी करते हुए इंग्लैंड की पारी की कमर तोड़ दी। इससे पहले भारत के लिए धवन और विराट कोहली ने दूसरे विकेट के लिए 105 रन की साझेदारी की। इसके बाद क्रुणाल और केएल राहुल ने नाबाद साझेदारी करके 57 गेंद में 112 रन जोड़े। कोहली ने 60 गेंद में 56 जबकि राहुल ने 43 गेंद में नाबाद 62 रन बनाए। क्रुणाल 31 गेंद में 58 रन बनाकर नाबाद रहे। धवन ने 106 गेंद की अपनी पारी में 11 चौके और दो छक्के जड़े जबकि क्रुणाल ने सात चौके और दो छक्के लगाए।
चोटिल अय्यर का आईपीएल में खेलना भी संदिग्ध
टी-20 श्रृंखला में लय हासिल करने के लिए जूझते रहे राहुल ने भी खुलकर खेला। पहले बल्लेबाजी के लिए भेजे जाने पर रोहित शर्मा (42 गेंद में 28 रन) और धवन ने पहले विकेट के लिए 64 रन जोड़े। नए बल्लेबाज कोहली ने अपना 61वां वनडे अर्धशतक 50 गेंद में पूरा किया। वह मार्क वुड की गेंद पर डीप में कैच देकर लौटे। वहीं धवन को स्टोक्स ने इयोन मोर्गन के हाथों मिडविकेट पर लपकवाया। हार्दिक पांड्या (एक) भी स्टोक्स का शिकार बने। आखिरी ओवरों में कृणाल और राहुल ने आक्रामक बल्लेबाजी करके भारत को 300 के पार पहुंचाया। मैच के दौरान सैम बिलिंग्स चौका बचाने के प्रयास में कंधे पर चोट लगा बैठे। वहीं कप्तान मॉर्गन को ऊंगली में चोट लगी। दोनों ने बल्लेबाजी की, लेकिन श्रेयस अय्यर की क्षेत्ररक्षण के दौरान कंधे की हड्डी खिसक गई और उनका आईपीएल में खेलना संदिग्ध हो गया है।



