विकासशील होंगे छत्तीसगढ़ के नए मुख्य सचिव,राज्य सरकार ने जारी किया आदेश

छत्तीसगढ़ सरकार ने एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 1994 बैच के आईएएस अधिकारी विकास शील को राज्य का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया है. सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, विकास शील अब राज्य के 12वें मुख्य सचिव के रूप में कार्यभार संभालेंगे. यह नियुक्ति पूर्व मुख्य सचिव अमिताभ जैन की सेवानिवृत्ति के बाद हुई, जिससे रिक्त पड़ा पद अब भरा गया.
विकास शील लंबे समय से केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर तैनात थे. वे हाल ही में एशियाई विकास बैंक (एडीबी) मनीला में कार्यकारी निदेशक के रूप में अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे थे. उनकी वापसी और नियुक्ति से राज्य प्रशासन में नई ऊर्जा का संचार होने की उम्मीद की जा रही है. 1994 बैच के वरिष्ठ अधिकारी के रूप में विकास शील के पास केंद्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कार्य का लंबा अनुभव है.
एडीबी जैसे वैश्विक संस्थान में काम का अनुभव
अमिताभ जैन ने मुख्य सचिव के रूप में अपनी सेवाओं का निर्वहन किया, लेकिन उनकी सेवानिवृत्ति के साथ ही राज्य सरकार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उत्तराधिकारी की नियुक्ति सुनिश्चित की. यह बदलाव छत्तीसगढ़ की विषम भौगोलिक परिस्थितियों और विकास योजनाओं के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है. विकास शील की नियुक्ति से विशेष रूप से ग्रामीण विकास, बुनियादी ढांचे और वित्तीय प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में सकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है, क्योंकि एडीबी जैसे वैश्विक संस्थान में उनका अनुभव राज्य की परियोजनाओं को मजबूत करने में सहायक सिद्ध होगा.




