यात्रीगण कृपया ध्यान दें!ट्रेन टिकट पर अब मिलेगी 20% तक की छूट,जानें नियम और शर्तें

त्योहारों के मौसम में यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे मंत्रालय ने शनिवार को एक नई योजना की घोषणा की है। जिसके तहत 13 अक्टूबर से 26 अक्टूबर के बीच यात्रा करने और 17 नवंबर से 1 दिसंबर के बीच उसी ट्रेन से वापसी करने वाले यात्रियों को वापसी टिकट के किराए पर 20% की छूट दी जाएगी। यह छूट 14 अगस्त से बुक किए गए टिकटों पर लागू होगी। हालांकि, यह छूट राजधानी, शताब्दी, दुरंतो जैसी फ्लेक्सी किराया वाली ट्रेनों पर लागू नहीं होगी।
इन तारीखों में बुक होगी टिकट
रेल मंत्रालय की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, बुकिंग की शुरुआत की तारीख 14 अगस्त 2025 होगी, जो 13 अक्टूबर 2025 की एआरपी (एडवांस रिजर्वेशन पीरियड) तारीख के लिए होगी। इसके तहत पहले यात्रा का टिकट 13 अक्टूबर 2025 से 26 अक्टूबर 2025 के बीच की तारीख के लिए बुक करना होगा। इसके बाद वापसी का टिकट 17 नवंबर 2025 से 1 दिसंबर 2025 के बीच की तारीख के लिए ‘कनेक्टिंग जर्नी फीचर’ के जरिए बुक किया जा सकेगा।
इन शर्तों का करना होगा पालन
मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि एडवांस रिजर्वेशन पीरियड (13 अक्टूबर से 26 अक्टूबर) वापसी यात्रा के लिए लागू नहीं होगा। इस योजना के तहत छूट केवल तब मिलेगी जब आगे और वापसी दोनों यात्राएं एक ही यात्रियों के लिए बुक की जाएंगी। वापसी यात्रा में यात्री विवरण आगे की यात्रा के समान होने चाहिए
मंत्रालय की ओर से कहा गया है कि, बुकिंग केवल दोनों दिशाओं में कन्फर्म टिकटों के लिए ही मान्य होगी। कुल 20 फीसदी की छूट केवल वापसी यात्रा के बेस किराए पर दी जाएगी। योजना के अनुसार, आगे और वापसी दोनों यात्राओं में यात्रा श्रेणी (क्लास) और प्रारंभ-गंतव्य स्थान एक समान होना चाहिए। इस योजना के तहत बुक किए गए टिकटों के लिए किसी भी प्रकार का किराया वापसी (रिफंड) नहीं मिलेगा।



