FEATURED

आंध्र प्रदेश के पूर्व सीएम जगन का बयान,जनता का ध्यान भटकाने के लिए गढ़ी गई झूठी कहानी’

वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) के प्रमुख वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने रविवार को कथित शराब घोटाले की निंदा की। उन्होंने इसे एक ‘बनावटी कहानी’ बताया। जगन ने कहा कि यह कहानी सिर्फ मीडिया में दिखावे और ध्यान भटकाने के लिए बनाया गया है। उनकी यह टिप्पणी उस समय आई, जब विजयवाड़ा की एक स्थानीय अदालत ने वाईएसआरसीपी के सांसद पीवी मिधुन रेड्डी को एक अगस्त तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

जगन ने कहा कि यह मामला दबाव, धमकियों, शारीरिक प्रताड़ना, रिश्वत और लालच के जरिए जबरन कबूलनामों पर आधारित है। उन्होंने मिधुन रेड्डी की गिरफ्तारी की आलोचना करते हुए कहा कि यह पूरी तरह राजनीतिक कार्रवाई है। उन्होंने एक्स पर लिखा, यह कथित शराब घोटाला सिर्फ एक बनावटी कहानी है, जिसे मीडिया में दिखावे और असली मुद्दों से जनता का ध्यान हटाने के लिए गढ़ा गया है।

 

उन्होंने मिधुन रेड्डी की लगातार तीन बार लोकसभा में जीत की ओर इशारा करते हुए आरोप लगाया कि तेलुगू देशम पार्टी (टीडीपी) के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार खुद के घोटालों को छिपाने और विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने के लिए इस तरह की झूठी कहानी बना रही है। जगन ने कहा कि आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू खुद भी 2014 से 2019 के बीच शराब से जुड़ी भ्रष्टाचार के मामलों में जमानत पर बाहर हैं।

 

टीडीपी सरकार फिर से शराब बेचने में भ्रष्ट तरीके अपना रही है। पहले बंद की गई अवैध दुकानें और चोरी-छिपे बिक्री फिर से शुरू हो गई है। जगन मोहन रेड्डी ने टीडीपी पर आरोप लगाया कि वह फिर से शराब माफिया का राज वापस ला रही है, लाइसेंस देने की प्रक्रिया में सिंडिकेट आधारित भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रही है और वाईएसआरसीपी सरकार के समय बनाए गए सख्त नियंत्रण को कमजोर कर रही है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि चंद्रबाबू नायडू विशेष जांच दल (एसआईटी) का दुरुपयोग कर रहे हैं, ताकि वाईएसआरसीपी नेताओं को बिना निष्पक्ष सुनवाई के लंबे समय तक जेल में डाला जा सके।

 

विपक्ष के नेता जगन मोहन रेड्डी ने कहा कि वाईएसआरसीपी अन्याय के खिलाफ बहादुरी से लड़ेगी, लोकतंत्र की रक्षा करेगी और जनता के अधिकारों को चंद्रबाबू नायडू की नेतृत्व वाली टीडीपी सरकार की दमनकारी और राजनीतिक कार्रवाई से बचाएगी।

 

बता दें कि आंध्र प्रदेश पुलिस ने 3,500 करोड़ रुपये के कथित शराब घोटाले के मामले में एक स्थानीय अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया है। इस आरोपपत्र में राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी को हर महीने औसतन 50 से 60 करोड़ रुपये की रिश्वत लेने वाला बताया गया है। शनिवार को 305 पन्नों का आरोपपत्र दाखिल किया गया है, लेकिन इसमें जगन को आरोपी के रूप में नामित नहीं किया गया है। अदालत ने अभी इस आरोपपत्र का संज्ञान नहीं लिया है।

Related Articles

Back to top button