कोहली की 77 रन की तूफानी बेकार , इंग्लैंड ने तीसरा टी-20 जीतकर सीरीज में ली 2-1 की बढ़त

भारतीय कप्तान विराट कोहली (77) की अंतिम ओवरों में खेली गई आतिशी पारी भी टीम को हार से न बचा सकी। इंग्लैंड ने ओपनर जोस बटलर (83) की 11वीं अर्द्धशतकीय पारी की मदद से तीसरे टी-20 में दस गेंद शेष रहते 8 विकेट से जीत हासिल की। बेयरस्टो 40 रन पर नाबाद रहे। इंग्लैंड ने इसके साथ ही पांच मैचों की सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली है।
निमंत्रण पाकर पहले बल्लेबाजी को उतरी भारतीय टीम को खराब शुरुआत से उबारते हुए कोहली और हार्दिक (17) ने छह विकेट पर 156 रन बनाने में मदद की। लक्ष्य का पीछा करते समय इंग्लैंड ने जेसन राय (09) का विकेट जल्द गंवा दिया था लेकिन रॉय और डेविड मलान (18) ने दूसरे विकेट पर 58 रन की साझेदारी कर टीम को संभाल लिया। पावरप्ले के छह ओवरों में मेहमान टीम ने एक विकेट पर 57 रन बना लिए थे। भारतीय स्पिनर चहल ने एक विकेट जरूर लिया लेकिन पहले दो ओवरों में 25 रन भी लुटा दिए। बटलर ने 26 गेंदों पर अपना अर्द्धशतक पूरा कर लिया। मलान को वाशिंगटन सुंदर ने पवेलियन भेजा। बटलर को 76 रन पर चहल की गेंद पर कोहली ने जीवनदान भी दिया था जब वह कैच नहीं ले पाए थे। बटलर और बेयरस्टो ने तीसरे विकेट पर 77 रन की अटूट साझेदारी की।



