घर पर चल रहा था शराब कारखाना,पांच गिरफ्तार

मूंढापांडे थाना पुलिस ने एक घर में छापा मारकर अवैध रूप से तैयार की जा रही शराब को बरामद करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया। मौके से अपमिश्रित शराब के अलावा कैमिकल, खाली बोतल और रेपर भी बरामद किए गए हैं। इस शराब को पंचायत चुनाव में खपाए जाने की योजना थी।
घटना का खुलासा करते हुए सीओ हाइवे अनिल कुमार यादव ने बताया कि मूंढपांडे पुलिस को सूचना मिली कि थानाक्षेत्र के गांव मुडिया भायपुर निवासी भगवतशरण के घर में अवैध रूप से शराब तैयार की जा रही है। जानकारी मिलते ही पुलिस ने भगवतशरण के मकान पर छापा मारा। पुलिस ने मौके से भगवतशरण, उसके भाई मलखान, इसी थानाक्षेत्र के गांव टाहनायक निवासी जितेंद्र प्रजापति व जितेंद्र यादव तथा सैंजना की मिलक निवासी भूरा को दबोच लिया। पुलिस ने यहां से अंग्रेजी शराब की बीस पेटी, दो बंडल क्यूआर कोड, दो बंडल गत्ते की पेटी, पांच बोरे खाली अद्धे व बोतल, दो पैकेट सील युक्त ढक्कन, प्लास्टिक के 96 खाली क्वार्टर, पचास लीटर की तीन जरी केन (स्प्रिट युक्त) और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस दौरान आबकारी निरीक्षक शिखर श्रीवास्तव भी मौजूद रहे। एएसपी ने बताया कि पकड़ी गई अपमिश्रित शराब को चुनाव के दौरान महंगे दामों पर बेचने की योजना थी।



