Road Safety: टूर्नामेंट में पहला मैच हारी इंडिया , इंग्लैंड ने 6 रन से जीता मैच

: रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज टी20 के नौवें मुकाबले में इंग्लैंड लीजेंड्स ने इंडिया लीजेंड्स को 6 रन से हरा दिया। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए बेहद रोमांचक मैच में इंग्लैंड लीजेंड्स ने इंडिया लीजेंड्स को 189 रन का लक्ष्य दिया था। इंडिया लीजेंड्स 20 ओवर में 7 विकेट पर 182 रन ही बना पाई। इरफान पठान 61 और मनप्रीत गोनी 35 रन बनाकर नाबाद रहे। इरफान ने 34 गेंद की अपनी पारी में 4 चौके और 5 छक्के लगाए। गोनी ने 16 गेंद में एक चौका और 4 छक्के लगाए।
इससे पहले इंडिया लीजेंड्स के कप्तान सचिन तेंदुलकर ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। इंग्लैंड लीजेंड्स ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 188 रन बनाए। कप्तान केविन पीटरसन हाइएस्ट स्कोरर रहे। उन्होंने 6 चौके और 5 छक्के की मदद से 37 गेंद में 75 रन बनाए।
इंडिया लीजेंड्स की इस टूर्नामेंट में यह पहली हार है। इससे पहले हुए उसने अपने सभी मैच में जीत हासिल की थी। इंग्लैंड लीजेंड्स की यह लगातार दूसरी जीत है। उसने अपने पहले मैच में बांग्लादेश लीजेंड्स को 7 विकेट से हराया था। वेस्टइंडीज लीजेंड्स और बांग्लादेश लीजेंड्स का अब तक खाता नहीं खुला है।इस टूर्नामेंट में पहले 7 टीमें थीं, लेकिन कोरोना के कारण अब ऑस्ट्रेलिया लीजेंड्स की टीम हिस्सा नहीं ले रही है।



