रायपुर में लग्जरी कार चोरी का बड़ा खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, 54 लाख की कार जब्त

रिपोर्ट -मेघा तिवारी रायपुर- छत्तीसगढ़
रायपुर (तेलीबांधा): तेलीबांधा थाना क्षेत्र के शगुन फार्म पार्किंग से महंगी लग्जरी कार की चोरी की वारदात में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी अब्दुल शहबाज और आकाश कुमार गुप्ता पर टोयटा कैमरी कार (सी जी/04/एम एम/6000) की चोरी का आरोप है, जिसकी कीमत लगभग 54 लाख रुपये है।
मामला उस वक्त सामने आया जब पीड़ित आशीष जैन ने 29 नवंबर 2024 को अपनी कंपनी के नाम पर टोयटा कैमरी कार खरीदी और 30 नवंबर की रात पार्टी में शगुन फार्म आए। यहां वैलेट पार्किंग में कार पार्क करने के बाद जब वह देर रात वापस अपनी कार लेने आए, तो वैलेट पार्किंग चालक ने बताया कि कार वहां नहीं है। इसके बाद शिकायत दर्ज कराई गई, और पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की मदद से आरोपियों की पहचान की।
आरोपियों से पूछताछ के दौरान पता चला कि उन्होंने मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की कार बरामद की। आरोपी अब्दुल शहबाज पहले भी नारकोटिक एक्ट और मारपीट के मामले में जेल जा चुका है। इस मामले में पुलिस द्वारा अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
इस मामले में निरीक्षक विनय सिंह बघेल, सउनि. अतुलेश राय, प्र.आर. प्रमोद वर्ठी और अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।



