दहेज की मांग पूरी न करने पर विवाहिता की हत्या कर शव को फांसी पर लटकाया,

रजपुरा थाना इलाके में दहेज की मांग पूरी नहीं करने पर ससुरालियों ने महिला की हत्या कर शव फांसी पर लटका दिया। मौके पर पहुंचे मायके वालों ने हंगामा किया तो ससुराली भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर हंगामा कर रहे लोगों को शांत किया और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेजने के बाद पति समेत छह लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया।

थानाक्षेत्र के गांव पंवारी निवासी सोनपाल सिंह ने बेटी सुमन की शादी तीन वर्ष पहले क्षेत्र के ही गांव बरौरा निवासी श्रीनिवास के साथ की थी। शुक्रवार की सुबह करीब ग्यारह बजे सुमन का शव घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला। सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने दहेज की मांग पूरी नहीं करने पर हत्या कर शव फांसी पर लटका देने का आरोप लगाकर हंगामा किया। मृतिका के मायके पक्ष के लोगों द्वारा हंगामा करने पर आरोपी ससुराली भाग गए। सूचना मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे लोगों को कार्रवाई करने का आश्वासन देकर शांत किया। पुलिस ने मृतिका के शव को कब्जे में लेने के बाद पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। मृतिका के पिता ने आरोपी ससुरालियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर दी और आरोप लगाया कि बेटी के ससुराली दहेज में भैंस, बुलेट बाइक और सोने की चेन मांग रहे थे। मांग पूरी नहीं हुई तो उसकी बेटी की हत्या कर दी। कोतवाल बिजेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर पति श्रीनिवास, देवर रामसेवक, जेठ तेजपाल, सास भूरी, ससुर रामेश्वर व भगवानदास के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।

Related Articles

Back to top button