केसी त्यागी का जेडीयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता पद से इस्तीफा

जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय प्रवक्ता केसी त्यागी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफा देने के पीछे उन्होंने कोई बड़ा कारण नहीं बताया है, बल्कि इसे अपने निजी मामलों तक सीमित रखा है।
केसी त्यागी को जदयू का मुख्य प्रवक्ता और नीतीश कुमार के दाहिने हाथ के तौर पर देखा जाता रहा है। जब भी बिहार सरकार या नीतीश कुमार का राजनीतिक तौर पर कहीं बचाव करना होता था, पार्टी की तरफ से केसी त्यागी ही सबसे पहले सामने आते थे और मजबूत तर्कों के साथ बिहार सरकार, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और जनता दल यूनाइटेड का बचाव करते थे, लेकिन अब उन्होंने इस्तीफा दे दिया है
राजनीतिक गलियारों में इसको लेकर तरह-तरह की चर्चा हो रही है। केसी त्यागी के पार्टी प्रवक्ता पद से हटने के बाद पार्टी ने अपना एक मजबूत साथी खो दिया है जो बुरे समय में भी मजबूती के साथ पार्टी और सरकार का बचाव किया करता था। हालांकि, राजीव रंजन प्रसाद अब जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता के तौर पर जिम्मेदारी संभालेंगे।
बिहार विधानसभा चुनाव के लगभग एक साल पहले ही नीतीश कुमार के खास सहयोगी केसी त्यागी का यह इस्तीफा कई मामलों में लोगों को चौंका रहा है। लंबे समय से इस बात की चर्चा चल रही थी कि जदयू केसी त्यागी को राज्यसभा भेज सकती है। जदयू सूत्रों के अनुसार, इसके पहले जदयू की राष्ट्रीय कार्यकारी की बैठक में उन्होंने पार्टी में कोई पद लेने से इनकार कर दिया था, लेकिन पार्टी ने उन्हें महासचिव और मुख्यमंत्री के मुख्य सलाहकार के तौर पर नियुक्ति दी थी, लेकिन कहां जा रहा है कि कैसी त्यागी इससे संतुष्ट नहीं थे।



