रायपुर में हल्की बारिश से बढ़ी ठंड

रायपुर। प्रदेश की राजधानी रायपुर में गुरुवार शाम को हल्की बारिश हुई ,जिसके बाद राजधानी में एक बार फिर ठंड लौट आई। मौसम वैज्ञानिकों ने पहले से ही पूर्वानुमान लगाया था कि प्रदेश के कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और कहीं-कहीं पर आले गिर सकते हैं। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान राजधानी में आज सही साबित हुआ। आज तड़के से राजधानी में मौसम बदलने लगा। सुबह करीब 5 बजे गरज-चमक और तेज हवा के साथ हल्की बारिश हुई, लेकिन उसके बाद मौसम धीरे-धीरे साफ होने लगा और धूप खिल उठी। इसके बाद दिनभर मौसम साफ रहा लेकिन शाम होने के बाद रात करीब 8 बजे से फिर आसमान पर काले बादल छाने लगे और करीब 8.30 बजे गरज-चमक के साथ पुन: हल्की से मध्यम वर्षा होने लगी। बारिश होने के साथ राजधानी के न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आई,जिससे ठंड एक बार फिर लौट आई। मौसम विभाग की माने तो रायपुर सहित प्रदेश के कुछ स्थानों में अगले दो दिनों तक गरज चमक के साथ हल्की वर्षा हो सकती है।
राजधानी के अलावा प्रदेश के कई हिस्सों में आज गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा हुई। कहीं-कहीं पर ओले गिरने की भी खबरें आई है। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान आज सरगुजा के अंम्बिकापुर में 11.0 सी तक दर्ज किया गया तथा सर्वाधिक अधिकतम तापमान जगदलपुर व दुर्ग में 30.2 सी दर्ज किया गया है। माना एयरपोर्ट 28.0, बिलासपुर 27.4, पेंड्रा रोड 25.2, अम्बिकापुर 25.0, जगदलपुर 30.2, दुर्ग 30.2 राजनांदगांव 27.4 दर्ज किया गया है।



