कांग्रेस छोड़ आप में आए विवेक यादव, टिकट भी मिली लेकिन मारी पलटी, अब INC में घर वापसी

कांग्रेस पार्टी के टिकट वितरण से नाराज होकर मप्र के उज्जैन उत्तर से टिकट की दावेदारी करने वाले विवेक यादव पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से काफी नाराज हो गए थे। यहां तक कि उन्होंने कांग्रेस पार्टी छोड़कर आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली थी। वहीं, आम आदमी पार्टी ने भी मौका मिलते ही उन्हें उज्जैन उत्तर से अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया था। लेकिन अब इसमें नाटकीय मोड़ सामने आ गया है। वह वापस कांग्रेस पार्टी में लौट आए हैं।
दरअसल, आम आदमी पार्टी में शामिल होने के बाद उस समय बड़ा उलट फेर हो गया, जब विवेक यादव के पास प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह का फोन पहुंचा। इस बीच कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेता भी लगातार उनके संपर्क में रहे। फिर स्थितियां यह बनीं कि विवेक यादव ने आप का टिकट छोड़कर फिर कांग्रेस पार्टी का दामन थाम लिया। साथ ही यह भी कहा कि वह उज्जैन उत्तर से अब चुनाव नहीं लड़ेंगे और कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी को अपना समर्थन देंगे।
मैं जन्मजात कांग्रेसी हूं’
विवेक यादव ने को जानकारी देते हुए बताया कि मैं जन्मजात कांग्रेसी हूं। मैंने उज्जैन उत्तर विधानसभा से उम्मीदवारी जताई थी। लेकिन टिकट न मिलने से मैंने नाराजगी में आम आदमी पार्टी की सदस्यता ले ली थी। आप ने मुझे उज्जैन उत्तर से अपना उम्मीदवार भी घोषित कर दिया था। लेकिन मुझसे मध्यप्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ और दिग्विजय सिंह ने फोन पर चर्चा की।



