यूपी के हाथरस में सत्संग के दौरान मची भगदड़, अब तक 120 लोगो की मौत की खबर

उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के सिकंदराराऊ कस्बे के फुलरई गांव में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां साकार हरि बाबा का सत्संग चल रहा था। सत्संग समाप्त होने के बाद यहां से जैसे भी भीड़ निकलना शुरू हुई तो भगदड़ मच गई। भगदड़ में अब तक 120 लोगों की मौत की खबर है।
अब तक 120 लोगों की मौत
एडीजी आगरा अनुपम कुलश्रेष्ठ के अनुसार हादसे में अब तक 120 लोगों की मौत हो चुकी है।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने हादसे पर जताया दुख
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भी हादसे पर दुख प्रकट किया है। उन्होंने एक्स अकाउंट पर लिखा, ‘उत्तर प्रदेश के हाथरस ज़िले में हुआ हादसा अत्यंत पीड़ादायक है। इस दुर्घटना में जिन्होंने अपनों को खोया है, उन शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। इसके साथ ही मैं सभी घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन सभी पीड़ितों की हरसंभव मदद कर रही है’।
मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख की आर्थिक मदद
मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख तथा घायलों को 50-50 हजार की आर्थिक सहायता देने के निर्देश मुख्यमंत्री ने दिए हैं। कार्यक्रम आयोजकों के विरुद्ध एफआईआर होगी। शासन बड़ी कार्रवाई की तैयारी में है।
सीएम योगी ने बचाव कार्य युद्ध स्तर पर चलने के दिए निर्देश
मंत्री संदीप सिंह घटनास्थल की ओर रवाना
यूपी सरकार के मंत्री संदीप सिंह का कहना है, ‘सीएम ने निर्देश दिया है कि हाथरस में जहां हादसा हुआ है वहां पहुंचें और मामले को देखें। साथ ही सरकार की ओर से आवश्यक निर्णय लें। मृतकों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
जांच के लिए गठित की गई टीम
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, घटना के कारणों की जांच के लिए एडीजी आगरा और अलीगढ़ कमिश्नर की एक टीम गठित की गई है।



