सोशल मीडिया पर फेक आईडी बनाकर बदनाम करने की दे रहा था धमकी, युवती की शिकायत पर आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां आरोपी युवक के द्वारा सोशल मीडिया में युवती का फेक आईडी बनाकर उसे बदनाम करने की धमकी देकर पैसे की मांग की गई। पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला तमनार थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के मुताबिक तमनार थाना क्षेत्र अंतर्गत रहने वाली युवती को उसके मित्र देवनारायण नायक ने मोबाइल पर कॉल कर सोशल मीडिया पर चरित्रहीन साबित करने की धमकी देकर रुपयों की मांग करने की लिखित शिकायत थाने में की गई थी। पीड़ित युवती 28 मार्च को तमनार थाना में आरोपी देवनारायण नायक के खिलाफ कार्रवाई के लिए लिखित आवेदन देकर बताया कि वह देवनारायण के साथ पढ़ी है इसलिए उसे जानती पहचानती है।
देवनारायण नायक इसकी जानकारी के बगैर इसके फोटो और नाम का उपयोग कर इंस्टाग्राम पर एक आईडी बनाया जिसमें उसने कई आपत्तिजनक फोटो वीडियो अपलोड किये और इसी आईडी से उसने कई लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजा और युवती के जान पहचानन वालों को अनाप-शनाप मैसेज करने लगा।



