सूर्यकुमार यादव पर भारी पड़ी मार्कराम और मिलर की पारी , टी20 वर्ल्ड कप 2022 में टीम इंडिया को मिली पहली हार, दक्षिण अफ्रीका ने पांच विकेट से धोया

ऑस्ट्रेलिया में खेले जा रहे टी20 वर्ल्ड कप 2022 के अपने तीसरे मुकाबले में भारत को हार का सामना करना पड़ा। दक्षिण अफ्रीका ने भारत को सुपर-12 के एक अहम मुकाबले में 5 विकेट से हरा दिया है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया 20 ओवर में 9 विकेट खोकर सिर्फ 133 रन ही बना सकी। इसके जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने एडन मारक्रम (52) और डेविड मिलर (59) के बीच हुई अर्धशतकीय साझेदारी की बदौलत दो गेंद शेष रहते 5 विकेट पर 137 रन बनाकर ये मैच जीता।

134 रनों के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत खराब रही। टीम ने पावरप्ले में ही तीन विकेट गंवा दिए थे। क्विंटन डिकॉक तीन गेंद में एक रन और रिली रोसो बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। कप्तान तेम्बा बावुमा एक बार धीमी पारी खेलकर आउट हुए। उन्होंने 15 गेंद में 10 रन बनाए। इसके बाद एडन मारक्रम और डेविड मिलर ने चौथे विकेट के लिए 60 गेंदों में 76 रन की साझेदारी करके टीम को जीत के करीब पहुंचाया। एडन मारक्रम 41 गेंद में 52 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके डेविड मिलर ने स्ट्ब्स के साथ मिलकर 22 रन की साझेदारी करके जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। डेविड मिलर 46 गेंद में 59 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत के लिए अर्शदीप सिंह ने दो, शमी, हार्दिक और अश्विन को 1-1 विकेट मिला।

 

भारत ने पावरप्ले में ही अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए। वेन पर्नेल का पहला ओवर मेडन रहा जिसके बाद रोहित (15) ने कागिसो रबाडा के अगले ओवर में छक्का जड़कर टीम का खाता खोला। केएल राहुल (नौ) ने भी पर्नेल के अगले ओवर में छक्का लगाकर अपना आत्मविश्वास जगाने का प्रयास किया।
रोहित को रबाडा के इस ओवर में जीवनदान भी मिला लेकिन वह इसका फायदा नहीं उठा पाए और जब एनगिडी पांचवा ओवर करने के लिए आए तो भारतीय कप्तान ने गेंदबाज को वापस  कैच थमा दिया। राहुल की खराब फॉर्म जारी रही। एनगिडी ने अपने इसी ओवर में उन्हें स्लिप में कैच कराकर भारत को दूसरा झटका दिया। भारत ने पावरप्ले में दो विकेट पर 33 रन बनाए।

Related Articles

Back to top button