देश के प्रसिद्ध कलाकारों ने जगदलपुर में शास्त्रीय संगीत की बेहतरीन प्रस्तुति दी

मथुरा के अंकित पारिख ने पखावज का कर्णप्रिय वादन किया तो लखनऊ के बनारस घराने के डॉ प्रवीण मिश्रा ने गायन से सबका मन मोह लिया
जगदलपुर,नवीन श्रीवास्तव।३१ दिसं।कल संध्या देश के प्रसिद्ध शास्त्रीय संगीत के कलाकारों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुति दी।शौर्य भवन में देर तक चले कार्यक्रम में वादन और गायन के माध्यम से ऐसा समा बांधा कि श्रोता अंत तक और सुनने को लालायित रहे।
मथुरा से पधारे अंकित पारिख ने पखावज का कर्णप्रिय वादन किया, लखनऊ से पधारे बनारस घराने के डॉ प्रवीण मिश्रा ने अपने गायन से सबका मन मोह लिया और जब बनारस से पधारे आनंद कुमार मिश्रा ने सितार की धुन छेड़ी तो पूरा सभागार स्वरलहरियों में गोता खा रहा था।
स्वरागिनी संस्था द्वारा शास्त्रीय संगीत के आयोजन की कड़ी में यह तीसरे वर्ष का आयोजन था।ज्ञात हो कि तीन वर्षों से शास्त्रीय संगीत के श्रोताओं के लिए लगातार इसका आयोजन किया जा रहा है।
कार्यक्रम का प्रारंभ माँ सरस्वती जी के सामने दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।तत्पश्चात आयोजक मंडल की ओर से आमंत्रित कलाकारों व स्थानीय कलाकारों का स्वागत किया गया।इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी., CCF गुप्ता, DFO धम्मशील, एम. ए. रहीम सहित बड़ी संख्या में श्रोतागण व स्वरागिनी के सदस्य उपस्थित थे।
कार्यक्रम में पहले स्थानीय कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति दी जिसमें डा ज्योति लागू व राजकुमार डोंगरे ने गायन, मनीष मिश्रा, भोजराज आचार्य व देवेश्वर साहा ने तबला वादन तथा बलराम साबड़े ने सितार वादन किया।
इनके बाद जब आमंत्रित व प्रसिद्ध कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति देनी प्रारंभ की तो रसिक श्रोता वादन और गायन के साथ स्वर लहरियों में डूबते आनंद लेते रहे।
पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी. ने बेहतरीन कार्यक्रम हेतु कलाकारों व आयोजकों को शुभकामनाएँ दी।
आमंत्रित कलाकारों का डॉ ज्योति लागू ने शाल व श्रीफल से सम्मान किया। सभी कलाकारों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।
संजय त्रिवेदी व ऋतु त्रिवेदी ने कार्यक्रम संचालन किया, किशोर पारख ने सबका आभार माना।
इस अवसर पर अनिल लूँकड, अमित जैन, श्रीमती सुषमा नेताम, किशोर श्रोती, श्रीमती अलका, देवशरण तिवारी, आभा सामवेदकर, श्रीमती सुषमा झा सहित बड़ी संख्या में शास्त्रीय संगीत के रसिक श्रोता उपस्थित थे।



