मुख्यमंत्री साय का किसानों के लिए सौगात, मिलेगा दो साल का बकाया धान बोनस, अटल जयंती पर होगा वितरण…

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की किसानों को धान बोनस दिए जाने गारंटी को पूरा करने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा राज्य के किसानों को दो साल के धान की बकाया बोनस राशि 3716 करोड़ रूपए का वितरण 25 दिसंबर को किया जाएगा। इसको लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती 25 दिसम्बर सुशासन दिवस के अवसर पर धान बोनस वितरण का मुख्य समारोह मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मुख्य आतिथ्य में दोपहर 01 बजे से रायपुर जिले के अभनपुर विकासखण्ड के ग्राम बेन्द्री में आयोजित होगा।
कृषि एवं सहकारिता विभाग द्वारा आयोजित उक्त कार्यक्रम की अध्यक्षता उप मुख्यमंत्री द्वय अरूण साव एवं विजय शर्मा करेंगे। कार्यक्रम में मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, सांसद सुनील सोनी, पूर्व मंत्री एवं रायपुर पश्चिम के विधायक राजेश मूणत, विधायक अभनपुर इन्द्र कुमार साहू, रायपुर ग्रामीण के विधायक मोती लाल साहू, आरंग विधायक खुसवंत साहेब, रायपुर उत्तर के विधायक पुरन्दर मिश्रा, विधायक धरसींवा अनुज शर्मा एवं जिला पंचायत रायपुर के अध्यक्ष डोमेश्वरी वर्मा विशिष्ट अतिथि होंगे।



