भारत में IS के इशारे पर आतंकी हमला

मंगलुरू. कर्नाटक के मंगलुरु में हुए धमाके की जांच तेज हो गई है। खबर है कि अब पुलिस बीते अक्टूबर में हुए कोयंबटूर ब्लास्ट और ताजा घटना के बीच तार खोज रही है। इसके अलावा पुलिस को मामले में IS एंगल भी मिला है। पुलिस ने कर्नाटक ने पांच जगहों पर तलाशी की है। जांच में आरोपी शारिक के घर से विस्फोटक तैयार करने वाली सामग्री बरामद हुई है।
पुलिस ने कहा कि आरोपी ISIS आतंकवादी संगठन से प्रभावित था और हैंडलर्स से कॉन्टेक्ट करने के लिए डार्क वेब का इस्तेमाल करता था। कर्नाटक के शीर्ष पुलिस अधिकारी आलोक कुमार ने कहा कि शारिक कई हैंडलर्स के साथ काम करता था। इनमें से एक ISIS से प्रभावित अल हिंद भी था।
कुमार ने कहा, ‘शारिक का हैंडलर अराफत अली था, जो दो मामलों में आरोपी है। वह मुसाविर हुसैन के संपर्क में थआ, जो अल हिंद मॉड्यूल केस में आरोपी है। अब्दुल मतीन ताहा भी शारिक के प्रमुख हैंडलर्स में से एक था। शारिक के साथ 2-3 और हैंडलर्स ने भी काम किया था, लेकिन उनकी पहचान अभी होनी बाकी है।’
कोयंबटूर ब्लास्ट से कनेक्शन
पुलिस को पता चला है कि मंगलुरु मामले का आरोपी शारिक कोयंबटूर के पास सिंगनल्लूर गया था। उस दौरान वह डोर्म में रुखा और एक स्कूल टीचर का आधार कार्ड दिखाकर सिम कार्ड हासिल किया था। पुलिस ने नीलगिरी जिले में रहने वाले 28 साल के शिक्षक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था।
पुलिस के अनुसार, यह इत्तेफाक से ज्यादा हो सकता है कि शारिक संगमेश्वर मंदिर के बाहर हुए धमाके के कुछ दिन पहले ही तमिलनाडु गया था। उस घटना में 29 साल के मैकेनिकल इंजीनियर जमेशा मुबीन की मौत हो गई थी।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘हम यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि मुबीन और शारिक के बीच कोई लिंक थी क्या। दोनों IS का समर्थन करने वाले हैं। हमारे पुलिस दल उस डोर्म से और जानकारी जुटा रहे हैं, जहां शारिक सिंगनल्लूर में रहा था।’



