खेल

क्या सरफराज खान ने दिखाई थी पूर्व चीफ सिलेक्टर चेतन शर्मा को अंगुली? क्या है…

नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट टीम को अगले महीने वेस्टइंडीज दौरे पर जाना है, भारत को इस दौरे पर दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है, जिसके लिए स्क्वॉड का ऐलान हो चुका है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) सिलेक्शन कमिटी ने जैसे ही टेस्ट स्क्वॉड का ऐलान किया, सरफराज खान सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगे।

सरफराज खान को एक बार फिर से टेस्ट स्क्वॉड में जगह नहीं मिली। सरफराज ने लगातार तीन रणजी सीजन में दमदार बैटिंग की है, खासकर रणजी ट्रॉफी 2022-23 में उनका प्रदर्शन काफी सॉलिड था। सरफराज को टेस्ट स्क्वॉड में क्यों शामिल नहीं किया गया, इसको लेकर एक बीसीसीआई अधिकारी का बयान मीडिया में आया, जिसमें कहा गया कि उनके बर्ताव और फिटनेस की वजह से वह टेस्ट स्क्वॉड का हिस्सा नहीं बने हैं। इसके बाद से सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने दावा किया कि रणजी ट्रॉफी में दिल्ली के खिलाफ मैच में सरफराज ने जब मुंबई की ओर से पहली पारी में शतक ठोका था, तो उन्होंने सेलिब्रेट करते हुए जो अंगुली दिखाई थी, वह उस समय के चीफ सिलेक्टर चेतन शर्मा को दिखाई थी।

कुछ सोशल मीडिया हैंडल पर दावा किया गया कि अरुण जेटली स्टेडियम में उस समय के चीफ सिलेक्टर चेतन शर्मा मौजूद थे और सरफराज ने उनको ही अंगुली दिखाई थी और इसी वजह से उनको टेस्ट स्क्वॉड में नहीं शामिल किया गया। हालांकि बाद में इस बात को साफ किया गया कि उस समय चेतन शर्मा वहां मौजूद नहीं थे, बल्कि नैशनल सिलेक्टर सलिल अंकोला वहां मौजूद थे।

सरफराज ने उस मैच में पहली पारी में 125 रन बनाए थे, जबकि दूसरी पारी में गोल्डन डक पर आउट हो गए थे। दिल्ली ने वह मैच आठ विकेट से जीत लिया था। वेस्टइंडीज दौरे के लिए टेस्ट स्क्वॉड से चेतेश्वर पुजारा को ड्रॉप कर दिया गया है। ऋतुराज गायकवाड़ और यशस्वी जयसवाल के तौर पर टीम में दो युवा बल्लेबाजों को जगह मिली है।

Related Articles

Back to top button