पति से ली तलाक दूसरी शादी करने , सगाई के बाद मंगेतर ने कर दिया मना, नर्स ने डॉक्टर के घर में लगाई फांसी

छत्तीसगढ़ में एक डॉक्टर को अपने साथ काम करने वाली विवाहित नर्स से प्यार हो गया। दोनों ने शादी करने का फैसला किया। पति को तलाक का नोटिस देकर नर्स अलग भी हो गई। 5 माह पहले सगाई की रस्म होने के बाद मंगेतर डॉक्टर ने नर्स से शादी से इनकार कर दिया। इससे आक्रोशित नर्स ने शुक्रवार की दोपहर डॉक्टर के सरकारी आवास में फांसी ली। महिला ने सुसाइड नोट भी छोड़ा है, जिसमें उसने डॉक्टर द्वारा शादी करने से इनकार करने का जिक्र किया है।
सूरजपुर जिले के बिश्रामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के एनआरसी में पदस्थ स्टाफ नर्स शांति सिंह उर्फ तन्नू की स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ डॉ. मुकेश श्रीवास्तव के साथ 5 महीने पहले सगाई हुई थी। सगाई के बाद नर्स ने डॉ. मुकेश को जल्दी शादी करने और शराब छोड़ने के लिए कहा। इस बीच गुरुवार को डॉक्टर ने शादी से इनकार कर दिया। नाराज होकर स्टाफ नर्स ने डॉक्टर के शासकीय आवास में पहुंच फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के दौरान डॉक्टर मुकेश श्रीवास्तव अस्पताल में थे। आत्महत्या से पूर्व मृतका ने अपने परिजनों को मोबाइल से सूचना दी थी।
पुलिस ने बरामद किया सुसाइडल नोट
सूचना पर सीएसपी जेपी भारतेंदु, प्रशिक्षु आईपीएस व थाना प्रभारी संदीप पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फंदे से शव को उतरवाया और पीएम के लिए भिजवाया। मौके से बरामद सुसाइड नोट में नर्स ने लिखा है कि डॉक्टर मुकेश श्रीवास्तव मुझसे शादी करना नहीं चाहते। इस वजह से आत्महत्या कर रही हूं। जिसकी जिम्मेदार मैं स्वयं हूं। सुसाइड नोट जब्त कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस डॉक्टर से भी पूछताछ कर रही है।



