रायपुर के बीरगांव में स्पष्ट बहुमत नहीं किसी को, जीते निर्दलीय भाजपा से ज्यादा, भिलाई, रिसाली-भिलाई-चरोदा में कांग्रेस की जीत

छत्तीसगढ़ के 10 जिलों के 15 नगरीय निकायों में चुनाव परिणाम लगभग साफ होने की स्थिति में है। राजधानी रायपुर के बीरगांव नगर निगम में भले ही कांग्रेस बड़ी पार्टी बनी है, लेकिन जनता ने स्पष्ट जनादेश नहीं दिया है। यहां कांग्रेस को 19, भाजपा को 10 और 11 निर्दलीय चुनाव जीत चुके हैं। बीरगांव में निर्दलीय की मदद से कांग्रेस सरकार बनाएगी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के गृह जिले के भिलाई-चरोदा नगर निगम में कांग्रेस के 23 पार्षद, भाजपा के 14 पार्षद और 3 निर्दलियों को जीत मिली है। पिछले चुनाव में यहां भाजपा का कब्जा था। भिलाई-चरोदा की महापौर रहीं चंद्रकांता मांडले चुनाव हार गई हैं।
नवनिर्मित रिसाली नगर निगम के पहले चुनाव में कांग्रेस को जीत मिली है। यहां कांग्रेस को 21, भाजपा को 12 वार्डों में जीत मिली है। यहां 7 निर्दलीय भी चुनाव जीत गए हैं। यहां कांग्रेस की सरकार लगभग तय है। यह इलाका गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू का क्षेत्र है। इस निकाय में राज्यसभा सांसद डॉ. सरोज पांडेय का भी निवास है। दुर्ग जिले के एकमात्र जामुल पालिका में भाजपा को स्पष्ट जीत मिली है। भिलाई नगर निगम के लिए अभी गिनती जारी है। भिलाई नगर निगम में कांग्रेस 38, भाजपा 22 और निर्दलीय 10 के रुझान मिले हैं। भिलाई निगम में कांग्रेस की सरकार बनना लगभग तय है।
प्रदेश के छह नगर पंचायत कोंटा, भोपालपट्टनम, भैरमगढ़, नरहरपुर, प्रेमनगर और मारो नगर पंचायत में कांग्रेस की एकतरफा जीत हुई है। वहीं पांच नगर पालिका परिषदों में बैकुंठपुर, शिवपुर-चरचा, सारंगढ़ में कांग्रेस को जीत मिली है तो वहीं जामुल पालिका में भाजपा का कब्जा हो गया है। सबसे रोचक चुनाव परिणाम खैरागढ़ नगर पालिका में आया है। यहां कांग्रेस व भाजपा को 10-10 सीटें मिली है। यहां किस पार्टी से अध्यक्ष बनेगा यह बड़ा सवाल है। अब तक 11 निकायों में जनता ने हाथ का साथ दिया है। वहीं सिर्फ एक निकाय जामुल में कमल खिल पाया है।
बस्तर व सरगुजा संभाग में कांग्रेस की एकतरफा जीत
बीजापुर जिले के भोपालपट्टनम में कांग्रेस ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। नगर पंचायत के पूरे 15 वार्डों में कांग्रेसी प्रत्याशी जीत गए हैं। इधर भैरमगढ़ नगर पंचायत में भी 10 वार्डों में कांग्रेस ने कब्जा जमा लिया है तो वहीं 5 वार्डों पर भाजपा को जीत मिली है। सुकमा जिले के कोंटा नगर पंचायत में 15 में से 14 सीटों पर कांग्रेस ने कब्जा जमाया है, जबकि एक पर भाजपा आगे है। कांकेर जिले के नरहरपुर नगर पंचायत में भी 11 वार्डों में कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। अन्य 4 वार्डों में भाजपा ने कब्जा जमाया है। वहीं सरगुजा संभाग के बैकुंठपुर, शिवपुर-चरचा और सांरगढ़ में कांग्रेस के ज्यादा प्रत्याशी जीते हैं।
परिणाम सरकार के काम पर जनता की मुहर: मरकाम
छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि चुनाव परिणाम कांग्रेस की अपेक्षाओं के अनुरूप आये हैं। निकाय चुनाव के परिणाम जनता के मूड को समझने के लिए पर्याप्त है। निकाय चुनाव राजधानी से लेकर बस्तर, सरगुजा, भिलाई, राजनांदगांव में हुए हैं। सभी स्थानों की जनता ने कांग्रेस पार्टी पर भरोसा जताया है। मरकाम ने कहा कि जनता ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उनकी सरकार के तीन साल के कामों पर मुहर लगाया है। जनता ने गढ़बो नवा छत्तीसगढ़ के मॉडल को स्वीकार किया है। कांग्रेस सरकार ने पिछले तीन सालों में प्रदेश हर वर्ग के लिए बेहतर काम किया है।
सरकार ने सत्ता व धन का दुरुपयोग किया
नगरीय निकायों के परिणामों पर छत्तीसगढ़ के नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने नगरीय निकाय चुनाव में सत्ता का दुरुपयोग किया है। धन बल के आधार पर जीत हासिल की है। उन्होंने कहा कि जनादेश को हम स्वीकार करते हैं। निकाय चुनाव में भाजपा प्रत्याशी कम जीते हैं, इस पर मंथन करेंगे।



