गेहूं में मिले सड़े-गले चूहे और बिल्‍ली का मल, इस ब्रांड का आटा-बेसन अगर आप खाते हैं तो हो जाएं सावधान

By:एजेंसी

खाद्य विभाग की टीम ने मारा छापा, गेहूं में मिले मरे हुए चूहे (सांकेतिक तस्वीर)

आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने पीर कल्याणी में स्थित अग्रवाल फूड इंडस्ट्रीज (Aggrawal Food Industries) पर छापा मारा. वहां का नजारा हैरान करने वाला था. बता दें कि इसी फैक्‍ट्री में रसोई रतन ब्रांड का आटा तैयार होता है. अधिकारियों को गोदाम में घटिया किस्म का गेहूं मिला. इतना ही नहीं, इसमें सड़े-गले चूहे भी मिले. टीम ने न केवल घटिया किस्म का एक क्विंटल गेहूं नष्ट कराया, बल्कि दलिया और बेसन का नमूना भी जांच के लिए लिया है. फैक्टरी के मालिक को नोटिस भी दिया गया है. खाद्य सुरक्षा विभाग के छापे (Food Department Raid) के बाद से हड़कंप मचा हुआ है.
मंगलवार को एफएसडीए के मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राम आशीष मौर्य ने टीम के साथ अग्रवाल फ़ूड इंडस्ट्रीज पर छापा मारा था. मौके पर टीम को फैक्टरी के मालिक राजेश अग्रवाल मिले. गेहूं के भंडारण का हाल देखा तो उसमें मरे हुए चूहे मिले. गेहूं में बिल्ली और चूहों के मल बिखरे हुए थे. अधिकारी ने बताया कि चूहा मारने की दवा भी पाई गई.

सेहत के सवाल पर चुप हुआ फैक्टरी मालिक
अधिकारियों के द्वारा जब फैक्टरी मालिक से पूछा कि इसी गेहूं से आटा तैयार करोगे? इस पर उन्होंने बताया कि आधुनिक मशीनें हैं, इसमें से खराब गेहूं मशीन अलग कर देती है. अधिकारी ने फिर पूछा कि चूहे मारने की दवा और मरे चूहों की दुर्गंध को कैसे दूर करोगे? इससे किसी की सेहत पर विपरीत प्रभाव पड़ा तो क्या होगा? इस पर फैक्‍ट्री का मालिक चुप हो गया. हालांकि, टीम ने सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिया है.

जहां चूहे मरे थे, उस गेहूं को कराया नष्ट
सिटी मजिस्ट्रेट प्रतिपाल चौहान ने बताया कि छापे के दौरान टीम को गेहूं में मरे हुए चूहे मिले थे. जहां चूहे मरे हुए थे, उस गेहूं को इकट्ठा कर उसे नष्ट करा दिया गया. ये गेहूं लगभग एक क्विंटल होगा. फिलहाल, फैक्टरी में तैयार आटा नहीं था, ऐसे में यहां तैयार हो रहे दलिया और बेसन का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया है. नोटिस देकर सुधार करने की हिदायत भी दी गई है.

Related Articles

Back to top button