देर रात निगम ने पॉश कॉलोनी के रेस्टोरेंट में संचालित हुक्का बार सील कर की कार्यवाही

भिलाई। नगर पालिक निगम भिलाई क्षेत्र अंतर्गत शहर के पॉश कॉलोनी नेहरू नगर क्षेत्र में रेस्टोरेंट की आड़ में हुक्का बार संचालित किया जा रहा था। देर रात निगम ने सील करने की कार्रवाई की। निगम में तीन हुक्का बार पर कार्रवाई करते हुए तीनों को सील कर दिया। नागरिकों एवं आसपास क्षेत्र के रहवासियों ने शिकायत की थी कि नेहरू नगर के कुछ क्षेत्रों में रेस्टोरेंट की आड़ में हुक्का बार चलाया जा रहा है। इसमें कम उम्र के नाबालिग को भी प्रवेश दिए जाने की बात सामने आई थी, साथ ही रेस्टोरेंट व्यवसाय के माध्यम से संचालित हुक्का बार में नशीले पदार्थ के विक्रय की भी शिकायतें प्राप्त हुई थी। इन सब गतिविधियों को लेकर क्षेत्रवासी भी परेशान थे, इन्हीं सब कारणों को गंभीरता से लेते हुए हुक्का बार संचालन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने के निर्देश आयुक्त ऋतुराज रघुवंशी ने अधिकारियों को दिए थे।

जिस पर गुरुवार की रात तकरीबन 8:30 बजे निगम के जोन क्रमांक 1 की टीम ने जोन आयुक्त सुनील अग्रहरि, स्वास्थ्य अधिकारी धर्मेंद्र मिश्रा एवं सहायक स्वास्थ्य अधिकारी जावेद अली के नेतृत्व में हुक्का बार में छापामार कार्रवाई की। निगम की टीम सर्वप्रथम केपीएस चौक के पास द हवेली पहुंची, यहां पर निरीक्षण किया गया,जिसमें बड़ी मात्रा में हुक्का से संबंधित सामग्री प्राप्त हुई, 12 नग लैंप, 13 तंबाकू युक्त फ्लेवर, 5 नग हुक्का पाइप, एक जली हुई सिगड़ी का पंचनामा तैयार किया गया। साथ ही कुछ ग्रुप में बर्थडे पार्टी कर रहे थे सभी बिना मास्क के मिले 18 लोगों से 3600 रुपये जुर्माना वसूल किया गया। दुकान को सील कर दिया गया। इसी तरह टीम सूर्या मॉल पहुंची मास्क नहीं लगाने वालों का निरीक्षण किया गया। मॉल के द्वितीय तल पर ब्लैक्जैक एवं मोक्ष के नाम से संचालित हुक्का बार में हुक्का से संबंधित सामग्रीया प्राप्त हुई। मोक्ष में तीन नाबालिक लड़कियां और दो नाबालिग लड़के हुक्का का कश लगा रहे थे। मौके से 11 हुक्का पाइप, 11 तंबाकू युक्त फ्लेवर, 5 हुक्का लैंप, जलती हुई सिगड़ी एक नग, दो नग हीटर का पंचनामा तैयार किया गया। इससे 20 मीटर की दूरी में लगे हुए ब्लैक्जैक पर भी टीम पहुंची। यहां से दो पाइप, दो जलते हुए लैंप, सिगड़ी का पंचनामा बनाया गया।

सूर्या मॉल में संचालित ब्लैक्जैक एवं मोक्ष हुक्का बार को सील कर दिया गया। यहां पर कुछ महीने पूर्व कार्यवाही करने टीम गई थी, परंतु कुछ भी बरामद नहीं हुआ था, हुक्का बार बंद मिला था! परंतु निगम की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्य करते हुए हुक्का बार में छापामार कार्रवाई की। निगम की कार्यवाही में सबसे खास बात यह रही कि किसी को भी छापामारी की खबर तक नहीं थी, केवल टीम लीड करने वाले को ही कार्यवाही के बारे में पता था। अचानक दबे पांव हुई कार्यवाही से हुक्का बार संचालित करने वालों को समझने का मौका ही नहीं मिला। ताज्जुब की बात है कि हुक्का बार में नाबालिगों लोगों को प्रवेश दिया जा रहा है। जब इनसे बात की गई तो सभी ने अध्ययनरत होने की बात कही। सभी को समझाइश देकर घर जाने को कहा गया। हुक्का बार पर निगम प्रशासन की पैनी नजर है, अगर ऐसी गतिविधियां संचालित होती रही तो आगे भी इसी प्रकार की कार्यवाही होगी।

Related Articles

Back to top button